5G Innovation Hackathon: 5जी इनोवेशन हैकाथॉन में 10 लाख रुपये तक पुरस्कार, स्टूडेंट्स 17 अप्रैल तक करें आवेदन
दूरसंचार विभाग ने 5जी इनोवेशन हैकाथॉन के दूसरे संस्करण के लिए आवेदन मांगे हैं। इसमें छात्र, स्टार्टअप और एमएसएमई 17 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित टीमों को 50 लाख तक का फंड, लैब सुविधा और 10 लाख से ज्यादा के पुरस्कार मिलेंगे।
विस्तार
संचार मंत्रालय के तहत दूरसंचार विभाग ने 5जी इनोवेशन हैकाथॉन 2026 के दूसरे संस्करण की शुरुआत कर दी है। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी की दूरसंचार तकनीकों को बढ़ावा देना और देश में डिजिटल बदलाव को तेज करना है।
यह राष्ट्रीय स्तर का हैकाथॉन ‘100 5जी यूज केस लैब’ पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 5जी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) जैसी आधुनिक तकनीकों पर आधारित नए और उपयोगी समाधान विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस हैकाथॉन में देशभर के विभिन्न वर्गों को भाग लेने का मौका दिया गया है, जिनमें शामिल हैं:
- छात्र
- स्टार्टअप
- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई)
- नवाचार करने वाले व्यक्ति (इनोवेटर्स)
प्रस्ताव जमा करने की प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से शुरू हो चुकी है, जो 17 अप्रैल 2026 तक चलेगी।
ऐसे होगी चयन प्रक्रिया
हैकाथॉन में भेजे गए सभी प्रस्तावों को निर्धारित 5जी यूज केस लैब के माध्यम से भेजा जाएगा। यही लैब मूल्यांकन केंद्र (नोडल सेंटर) के रूप में काम करेंगी और प्रोजेक्ट्स का चयन करेंगी।
चयनित टीमों को मिलेगा आर्थिक और तकनीकी सहयोग
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, चयनित टीमों को अपने प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक और तकनीकी सहायता दी जाएगी।
- 50 लाख रुपये का सीड फंड निर्धारित किया गया है।
- देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में मौजूद उन्नत 5जी लैब की सुविधा दी जाएगी।
इससे प्रतिभागियों को अपने आइडिया को वास्तविक प्रोटोटाइप में बदलने में मदद मिलेगी।
Department of Telecommunications, Government of India, presents the 5G Innovation Hackathon 2026, an exciting opportunity for students, startups, and professionals to come together and build cutting-edge solutions using advanced 5G labs across 100 institutes in India.
— DoT India (@DoT_India) April 8, 2026
This… pic.twitter.com/tzvcYlOuqJ
इनाम और अन्य फायदे
इस हैकाथॉन में कुल 10 लाख रुपये से अधिक का पुरस्कार रखा गया है।
- विजेता टीमों को नकद पुरस्कार मिलेगा।
- करीब 25 टीमों को बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) फाइल करने में सहायता दी जाएगी।
कब आएंगे नतीजे?
हैकाथॉन के अंतिम परिणाम 1 अक्तूबर 2026 को घोषित किए जाएंगे। वहीं, चुने गए इनोवेशन को इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 में प्रदर्शित किया जाएगा, जो प्रतिभागियों के लिए एक बड़ा मंच साबित हो सकता है।
किन-किन क्षेत्रों पर रहेगा फोकस?
इस पहल के तहत कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को शामिल किया गया है, जैसे:
- 5जी और 5जी एडवांस्ड उपयोग
- एआई आधारित दूरसंचार समाधान
- स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा में आईओटी का उपयोग
- नेटवर्क सुरक्षा
- आपदा प्रबंधन से जुड़ी तकनीकें
यह हैकाथॉन उन युवाओं और स्टार्टअप्स के लिए बेहतरीन अवसर है जो नई तकनीकों के जरिए देश के डिजिटल भविष्य में योगदान देना चाहते हैं। इच्छुक उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आवेदन कर इस मौके का लाभ उठाएं।