एआई फॉर ऑल: AI की बुनियादी समझ के लिए शानदार कोर्स, हर युवा के लिए अवसर
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज करियर के लिए जरूरी स्किल बन चुकी है। भारत सरकार ने इंडिया एआई मिशन के तहत 'युवा एआई फॉर ऑल' कोर्स लॉन्च किया है, जो पूरी तरह मुफ्त, ऑनलाइन और बहुभाषी है। बिना कोडिंग ज्ञान के भी एआई, मशीन लर्निंग और डेटा साइंस सीखी जा सकती है।
विस्तार
आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुकी है। स्मार्टफोन, इंटरनेट सर्च, मनोरंजन, बैंकिंग, स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर खेती और ट्रैफिक व्यवस्था हर क्षेत्र में इसका तेजी से उपयोग हो रहा है। जिस तरह पहले कंप्यूटर सीखना आवश्यक हो गया था, उसी तरह आज एआई स्किल्स भी करियर के लिए अनिवार्य होती जा रही हैं, क्योंकि इससे नई नौकरियां पैदा हो रही हैं।
पहले एआई सीखना महंगा और कठिन माना जाता था, खासकर छोटे शहरों और गांवों के युवाओं के लिए, लेकिन अब भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंडिया एआई मिशन के तहत 'युवा एआई फॉर ऑल' कोर्स लॉन्च किया है। इस कोर्स के माध्यम से हर युवा को आसान और सुलभ तरीके से एआई शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है, जिससे वे भविष्य के लिए खुद को बेहतर रूप से तैयार कर सकें।
कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध
इस प्रोग्राम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह निःशुल्क है और फ्यूचरस्किल्स प्राइम, आईजीओटी कर्मयोगी तथा अन्य लोकप्रिय एडटेक पोर्टल्स जैसे प्रमुख लर्निंग प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद है। यह कार्यक्रम कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। इसके अलावा, एआई फॉर ऑल के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, न्यूरल नेटवर्क व डीप लर्निंग की मूल से उन्नत समझ के साथ वास्तविक जीवन आधारित केस स्टडी और प्रोजेक्ट्स सिखाए जाते हैं, जो रिज्यूमे को मजबूत बनाते हैं।
बिना कोडिंग ज्ञान के भी सीखें
इस कोर्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि बिना किसी कोडिंग की पूर्व जानकारी वाला व्यक्ति भी इसे आसानी से समझ और सीख सके। सभी अवधारणाओं को सरल भाषा में, रोजमर्रा के उदाहरणों के साथ समझाया गया है, ताकि विषय जटिल न लगे। यह कोर्स पूरी तरह ऑनलाइन और स्व-नियंत्रित (सेल्फ-पेस्ड) है, जिससे आप अपनी सुविधा और उपलब्ध समय के अनुसार कभी भी और कहीं से भी पढ़ाई कर सकते हैं।
चाहे आप छात्र हों या नौकरीपेशा, आप अपने समय के हिसाब से सीख सकते हैं, बिना किसी दबाव के। कोर्स पूरा करने पर आपको एक प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाता है, जो आपके करियर में कौशल को दर्शाने और नए अवसर पाने में सहायक साबित होता है।
रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
एआई फॉर ऑल प्रोग्राम में रजिस्ट्रेशन करना बहुत आसान है। इसके लिए सबसे पहले ai-for-all.in वेबसाइट पर जाएं। वहां रजिस्ट्रेशन का विकल्प मिलेगा, जहां आपको अपना नाम, ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर जैसी सामान्य जानकारी भरनी होगी। इसके बाद ओटीपी के माध्यम से वेरिफिकेशन किया जाएगा। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं और तुरंत सीखना शुरू कर सकते हैं।