CUET UG Result 2026: काउंसलिंग और एडमिशन से पहले सतर्क रहें छात्र, कॉलेज चयन के दौरान न करें ये गलतियां
CUET UG Result: सीयूईटी यूजी 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद अब छात्रों के लिए काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण शुरू हो गया है। इस दौरान कॉलेज और कोर्स का चयन सोच-समझकर करना बेहद जरूरी है। जल्दबाजी में लिया गया फैसला भविष्य की पढ़ाई और करियर पर असर डाल सकता है, इसलिए छात्रों को कॉलेज चुनने से पहले कई महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CUET UG Result 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 का रिजल्ट जारी हो चुका है। अब छात्रों के लिए सबसे महत्वपूर्ण चरण काउंसलिंग और एडमिशन प्रक्रिया का है, क्योंकि केवल रिजल्ट आने से सीधे कॉलेज में प्रवेश नहीं मिलता। इसलिए छात्रों को अपने स्कोर का विश्लेषण कर कटऑफ, सीटों की उपलब्धता और प्रवेश रुझानों को देखकर कॉलेजों का चयन करना होगा। साथ ही, बेहतर अवसर सुनिश्चित करने के लिए अन्य विकल्प भी तैयार रखने चाहिए।
विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर रखें नजर
सीयूईटी के लिए कोई एकीकृत केंद्रीय काउंसलिंग नहीं होती है। केंद्रीय, राज्य और निजी विश्वविद्यालय अलग-अलग प्रवेश प्रक्रियाएं चलाते हैं। इसलिए छात्रों को अपनी पसंद के विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर नोटिस, पंजीकरण तिथि और सीट आवंटन की जानकारी नियमित रूप से देखते रहना चाहिए।
कई छात्र गलती से सीयूईटी परीक्षा को ही एडमिशन मान लेते हैं, जबकि ज्यादातर विश्वविद्यालयों में अलग से पंजीकरण करना जरूरी होता है, जिसमें व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी के साथ सीयूईटी विवरण भरना होता है। इसलिए निश्चित समय-सीमा के अंदर आवेदन पूरा करना बहुत जरूरी है।
कॉलेज-कोर्स प्राथमिकताएं सावधानी से चुनें
काउंसलिंग प्रक्रिया में छात्रों को अलग-अलग कॉलेजों और कोर्स की अपनी पसंद (प्राथमिकताएं) भरनी होती है। इन्हीं प्राथमिकताओं के आधार पर बाद में सीट मिलती है। इसलिए कोशिश करें कि ज्यादा से ज्यादा विकल्प भरें और सिर्फ बड़े या लोकप्रिय कॉलेजों पर ही निर्भर न रहें। अपनी रुचि और भविष्य के कॅरिअर को ध्यान में रखकर कोर्स चुनें। पिछले साल के कटऑफ को देखकर यह समझें कि आपके अंकों के आधार पर किस कॉलेज में प्रवेश मिलने की संभावना है। इसके बाद अपनी संभावना के अनुसार सही क्रम में अपनी पसंद की सूची तैयार करें।
मेरिट सूची को समझें
विश्वविद्यालय सीयूईटी स्कोर, उम्मीदवार की श्रेणी, उपलब्ध सीटों और छात्रों द्वारा भरी गई पसंद के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार करते हैं। इसके बाद सीट आवंटन किया जाता है। सीट मिलने पर छात्रों के पास आमतौर पर तीन विकल्प होते हैं-पहला, मिली हुई सीट को स्वीकार करना, दूसरा, बेहतर विकल्प के लिए अगले राउंड का इंतजार करना और तीसरा, सीट को अस्वीकार करना। हर विश्वविद्यालय के नियम अलग हो सकते हैं, इसलिए सभी निर्देशों को ध्यान से पढ़ना बहुत जरूरी होता है।
- सभी विश्वविद्यालयों की वेबसाइट नियमित रूप से देखें।
- ईमेल और मोबाइल नंबर सक्रिय रखें।
- सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
- केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।
दस्तावेज सत्यापन की तैयारी अभी से करें
काउंसलिंग के समय सभी जरूरी दस्तावेजों का सही और पूर्ण होना बेहद आवश्यक है, क्योंकि किसी भी कमी या गलती से प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। सीट आवंटित होने के बाद निर्धारित समय के भीतर फीस जमा करना भी जरूरी है, अन्यथा सीट रद्द हो सकती है। यदि पहले राउंड में सीट नहीं मिलती है, तो निराश होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि कई विश्वविद्यालय अतिरिक्त मेरिट लिस्ट, स्पॉट एडमिशन और अन्य काउंसलिंग राउंड के माध्यम से भी प्रवेश का अवसर देते हैं।