RBSE: सीबीएसई के बाद अब राजस्थान बोर्ड का बड़ा निर्णय, 2027 से साल में दो बार कराएगा 10वीं की परीक्षा
RBSE Two Exam Pattern: सीबीएसई के बाद अब राजस्थान बोर्ड ने भी 10वीं की परीक्षाएं साल में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम करना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए दूसरा मौका देना है।
विस्तार
RBSE Two Exam Pattern: माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान (आरबीएसई) ने कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा के प्रारूप में बदलाव करने का निर्णय लिया है। बोर्ड ने हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि अगले शैक्षणिक सत्र 2027 से कक्षा 10 के लिए दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित की जाएगी।
आरबीएसई की ओर से साल में दो बार कक्षा 10वीं की परीक्षा कराने का उद्देश्य विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम करना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए दूसरा मौका देना है। बोर्ड अधिकारियों द्वारा 11 मार्च को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोर्ड सचिव ने बताया कि कक्षा 10 के लिए दो परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
इस प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास भेजा गया है। सरकार द्वारा प्रस्ताव का अध्ययन करने और आवश्यक सुझाव देने के बाद ही इस नई व्यवस्था को लागू करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी
हालांकि, परीक्षा की अंक योजना, अंतिम परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण विवरणों की जानकारी बोर्ड आने वाले समय में जारी करेगा।
राजस्थान बोर्ड :- वर्ष 2027 में दो बार होगी माध्यमिक परीक्षा ll @Rajasthanboard #RajasthanBoard ll #Rbse ll #BoardClass
— Board of Secondary Education Rajasthan Ajmer (@Rajasthanboard) March 12, 2026
20 मार्च तक आ सकता है 10वीं का परिणाम
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान बोर्ड कक्षा 10 परीक्षा 2026 का परिणाम 20 मार्च 2026 तक घोषित किया जा सकता है। हालांकि, परिणाम जारी करने की सटीक तिथि और समय की आधिकारिक पुष्टि बोर्ड की ओर से जल्द की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
10वीं और 12वीं परीक्षा में इतने छात्र शामिल
बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस वर्ष माध्यमिक परीक्षा (कक्षा 10) के लिए कुल 10,68,078 छात्रों ने पंजीकरण कराया है। वहीं सीनियर सेकेंडरी परीक्षा (कक्षा 12) के लिए 9,09,087 विद्यार्थी पंजीकृत हुए हैं। इसके अलावा प्रवेशिका परीक्षा के लिए 7,811 छात्रों और वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा के लिए 4,122 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
कमेंट
कमेंट X