CUET UG 2026: सीयूईटी यूजी के आवेदन में फोटो सुधारने का मौका, 10 अप्रैल तक का मिला समय
CUET UG 2026: सीयूईटी यूजी के लिए एनटीए ने फोटो में गड़बड़ी वाले छात्रों को 7-10 अप्रैल तक सुधार का अंतिम मौका दिया है। गलत फोटो होने पर परीक्षा में बैठने से रोका जा सकता है। एआई फेस रिकग्निशन के कारण सही फोटो जरूरी है, वरना आवेदन रद्द हो सकता है।
विस्तार
कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET UG 2026) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक अहम सूचना जारी की है। जिन उम्मीदवारों के आवेदन फॉर्म में फोटो से जुड़ी त्रुटियां पाई गई हैं, उन्हें इसे सुधारने का आखिरी मौका दिया गया है। ऐसे में यदि आपने भी आवेदन किया है, तो अपनी डिटेल्स तुरंत जांच लेना जरूरी है, क्योंकि छोटी सी गलती भी आपकी परीक्षा पर असर डाल सकती है।
एनटीए के अनुसार, कई अभ्यर्थियों द्वारा अपलोड की गई फोटो स्पष्ट नहीं है या निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप नहीं है। ऐसे उम्मीदवारों को 7 अप्रैल से 10 अप्रैल 2026 तक ‘करेक्शन विंडो’ के माध्यम से सुधार करने का अवसर दिया गया है। वहीं, सीयूईटी यूजी 2026 की परीक्षा 11 मई से 31 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
सही फोटो क्यों है जरूरी?
एजेंसी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर पहचान के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फेस रिकग्निशन तकनीक का उपयोग किया जाएगा। यदि आपकी फोटो धुंधली, पुरानी या गलत तरीके से अपलोड की गई है, तो आपकी पहचान में दिक्कत आ सकती है। ऐसी स्थिति में परीक्षा में बैठने की अनुमति भी रोकी जा सकती है।
इसी कारण एनटीए ने उन छात्रों को ईमेल और SMS के जरिए अलर्ट भेजना शुरू कर दिया है, जिनकी फोटो में किसी तरह की गड़बड़ी पाई गई है।
फोटो अपलोड के लिए जरूरी निर्देश
नई गाइडलाइन के अनुसार फोटो का बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए और चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। कम से कम 80% चेहरा दिखना जरूरी है और कान भी साफ नजर आने चाहिए।
उम्मीदवार चश्मा पहन सकते हैं, लेकिन उसमें किसी प्रकार की चमक या रिफ्लेक्शन नहीं होना चाहिए। सनग्लासेस या रंगीन चश्मे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। फोटो हाल ही में खींची गई हो और बिल्कुल स्पष्ट होनी चाहिए।
फोटो सुधारने का तरीका
- सबसे पहले CUET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- अपने एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- ‘Correction Window’ या ‘Photo Correction’ लिंक पर क्लिक करें।
- नई और स्पष्ट फोटो अपलोड करें।
- सबमिट करने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें।
अंतिम तारीख का रखें ध्यान
फोटो सुधारने की यह सुविधा केवल 10 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध है। इसके बाद किसी भी प्रकार का बदलाव संभव नहीं होगा। एनटीए ने साफ किया है कि यदि तय समय के भीतर सुधार नहीं किया गया, तो एडमिट कार्ड जारी नहीं होगा और आवेदन रद्द भी किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि उम्मीदवार केवल फोटो ही नहीं, बल्कि अपने हस्ताक्षर (सिग्नेचर) की भी जांच कर लें। तकनीकी मानकों का पालन करना बेहद जरूरी है, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।