CUET UG 2026: सीयूईटी यूजी का फॉर्म भरने की आखिरी तारीख बेहद करीब, तुरंत करें आवेदन; इतना लगेगा शुल्क
CUET UG 2026 Registration Deadline: सीयूईटी यूजी के लिए पंजीकरण प्रक्रिया बहुत जल्द समाप्त होने वाली है। पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 4 फरवरी, 2026 है। फीस भुगतान 7 फरवरी तक और करेक्शन विंडो 9-11 फरवरी रहेगी। परीक्षा 11 से 31 मई के बीच संभावित है।
विस्तार
CUET UG 2026 Registration: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित सीयूईटी यूजी 2026 परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बहुत जल्द समाप्त होने वाली है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, सीयूईटी यूजी के लिए पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 4 फरवरी 2026 है। ऐसे में इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी तुरंत आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर आवेदन कर दें।
उम्मीदवारों के पास आवेदन पूरा करने के लिए बहुत सीमित समय बचा है, इसलिए जल्द से जल्द प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है। एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करें, क्योंकि अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं।
जरूरी तारीखें और शेड्यूल
परीक्षा से जुड़ी प्रमुख तिथियां निम्नलिखित हैं:
- ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख: 4 फरवरी 2026, रात 11:50 बजे तक
- फीस जमा करने की अंतिम तिथि: 7 फरवरी 2026, रात 11:50 बजे तक
- एप्लिकेशन करेक्शन विंडो: 9 फरवरी से 11 फरवरी 2026
- संभावित परीक्षा अवधि: 11 मई से 31 मई 2026 के बीच
देश की प्रमुख केंद्रीय विश्वविद्यालयों जैसे दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में स्नातक स्तर की पढ़ाई का सपना देखने वाले छात्रों के लिए यह परीक्षा एक प्रवेश द्वार है।
आवेदन शुल्क की जानकारी
इस साल आवेदन शुल्क उम्मीदवारों द्वारा चुने गए विषयों की संख्या के आधार पर तय किया गया है। श्रेणीवार शुल्क इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
- जनरल श्रेणी: अधिकतम 3 विषयों तक 1000 रुपये, हर अतिरिक्त विषय के लिए 400 रुपये अतिरिक्त
- ओबीसी-एनसीएल/ईडब्ल्यूएस: 3 विषयों तक 900 रुपये और अतिरिक्त विषय के लिए 375 रुपये
- एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/तीसरा लिंग: 3 विषयों तक 800 रुपये, जबकि अतिरिक्त विषय पर 350 रुपये
- विदेश स्थित परीक्षा केंद्र: 3 विषयों तक 4500 रुपये तथा हर अतिरिक्त विषय के लिए 1800 रुपये
अंतिम समय में आवेदन करने से बचें
एनटीए की ओर से जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि उम्मीदवार अंतिम घंटों तक इंतजार न करें। आखिरी दिन वेबसाइट पर ज्यादा लोड होने से सर्वर धीमा पड़ सकता है या पेमेंट फेल होने की समस्या सामने आ सकती है। यदि 4 फरवरी 2026 की रात 11:50 बजे तक आवेदन पूरा नहीं किया गया, तो उम्मीदवार इस वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे।
CUET UG 2026 Registration: सीयूईटी यूजी का फॉर्म कैसे भरें?
उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों को फॉलो करके अपना फॉर्म आसानी से भर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर ‘New Registration’ विकल्प चुनें और आवश्यक जानकारी जैसे नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करें।
- रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद लॉगिन करें और व्यक्तिगत व शैक्षणिक विवरण सावधानी से भरें।
- अपनी पसंदीदा यूनिवर्सिटी और कोर्स के अनुसार विषयों का चयन करें।
- पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर की स्कैन कॉपी अपलोड करें।
- निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
- आवेदन जमा करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट करना न भूलें।
