JEE Main Answer Key: जेईई मेंस की उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने की आज आखिरी तारीख, रात 11:50 बजे तक मौका
JEE Main 2026: जेईई मेन 2026 सेशन 2 की प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख 13 अप्रैल है। उम्मीदवार रात 11:50 बजे तक प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क देकर चुनौती दर्ज कर सकते हैं। फाइनल रिजल्ट संशोधित आंसर की के आधार पर जारी होगा।
विस्तार
JEE Main 2026: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 सेशन 2 की प्रोविजनल आंसर की पर आपत्ति दर्ज करने की अंतिम तारीख 13 अप्रैल तय की है। उम्मीदवार आज रात 11:50 बजे तक ही अपने जवाबों पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद किसी भी चुनौती को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एनटीए द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, प्रोविजनल आंसर की के साथ-साथ प्रश्न पत्र और पेपर 1 (B.E./B.Tech.) की रिस्पॉन्स शीट भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। परीक्षा में शामिल हुए छात्र अपने उत्तरों का मिलान कर सकते हैं और यदि उन्हें किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति है, तो वे उसे ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
अप्रैल में हुई थी परीक्षा
जेईई मेन 2026 सेशन 2 की परीक्षा 2, 4, 5, 6 और 8 अप्रैल को पेपर 1 के लिए आयोजित की गई थी, जबकि पेपर 2A (B.Arch.) और पेपर 2B (B.Planning) की परीक्षा 7 अप्रैल को हुई थी। यह परीक्षा देश के 306 शहरों के 567 केंद्रों और विदेश के 14 शहरों में आयोजित की गई। फिलहाल केवल पेपर 1 की आंसर की पर ही आपत्ति दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
इतना है आपत्ति शुल्क
आपत्ति दर्ज करने के लिए उम्मीदवारों को प्रति प्रश्न 200 रुपये का नॉन-रिफंडेबल शुल्क देना होगा। यह शुल्क डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से जमा किया जा सकता है। बिना शुल्क के कोई भी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी, और फीस जमा करने की अंतिम समय सीमा भी 13 अप्रैल रात 11:50 बजे तक ही है।
उम्मीदवारों को आपत्ति दर्ज करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एप्लिकेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा। इसके बाद वे संबंधित प्रश्न का चयन कर, सही उत्तर का विकल्प चुन सकते हैं और अपने दावे के समर्थन में जरूरी दस्तावेज एक पीडीएफ फाइल के रूप में अपलोड कर सकते हैं। सबमिट करने के बाद उन्हें शुल्क का भुगतान करना होगा।
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी उम्मीदवार की आपत्ति सही पाई जाती है, तो आंसर की में संशोधन किया जाएगा और यह बदलाव सभी उम्मीदवारों पर समान रूप से लागू होगा। अंतिम परिणाम इसी संशोधित आंसर की के आधार पर तैयार किया जाएगा। हालांकि, उम्मीदवारों को अलग-अलग यह नहीं बताया जाएगा कि उनकी आपत्ति स्वीकार की गई या नहीं। विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार की गई फाइनल आंसर की ही अंतिम और मान्य होगी।