सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Education ›   NEET Exam Day Guide: Dress Code, Documents, Banned Items and Key Rules Every Candidate Must Know Today

NEET Exam: क्या लेकर जाएं, ड्रेस कोड क्या है? नीट के अभ्यर्थी केंद्र जाने से पहले देख लें नियमों की यह लिस्ट

एजुकेशन डेस्क, अमर उजाला Published by: Akash Kumar Updated Sun, 21 Jun 2026 08:14 AM IST
विज्ञापन
सार

NEET UG 2026 Exam Day Guidelines: नीट परीक्षा देने जा रहे हैं? एनटीए ने इस बार ड्रेस कोड, टाइमिंग और जरूरी डॉक्युमेंट्स को लेकर बेहद सख्त नियम जारी किए हैं। परीक्षार्थी इस खबर में जान सकते हैं कि परीक्षा केंद्र पर क्या लेकर जाना है, क्या पहनना है, कौन-सी चीजें प्रतिबंधित हैं और एंट्री से जुड़े जरूरी नियम क्या हैं?
 

NEET Exam Day Guide: Dress Code, Documents, Banned Items and Key Rules Every Candidate Must Know Today
नीट यूजी परीक्षा दिवस दिशा-निर्देश - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार

NEET Exam Day Complete Guide 2026: नीट पुनर्परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का दिन किसी भी अभ्यर्थी के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। कई बार अच्छी तैयारी होने के बावजूद उम्मीदवार छोटी-छोटी गलतियों की वजह से परेशानी में पड़ जाते हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्र जाने से पहले यह जान लेना जरूरी है कि कौन-से दस्तावेज साथ ले जाने हैं, क्या पहनना है, कौन-सी चीजें प्रतिबंधित हैं और परीक्षा के दिन किन नियमों का पालन करना होगा?

1. कितने बजे तक पहुंचना है केंद्र?

परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू होगी, लेकिन परीक्षा केंद्र पर एंट्री काफी पहले शुरू हो जाएगी। समय का पूरा शेड्यूल नीचे दी गई तालिका में देख सकते हैं:

 

विवरण समय
रिपोर्टिंग का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
गेट बंद होने का समय दोपहर 1:30 बजे (इसके बाद किसी को एंट्री नहीं मिलेगी)
परीक्षा का समय
  • दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 तक (कुल 3 घंटे 15 मिनट)
  • दिव्यांग उम्मीदवारों को शाम 6.20 बजे तक का समय मिलेगा


दोपहर 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट सख्ती से बंद कर दिया जाता है। इसलिए सलाह दी जाती है कि ट्रैफिक और मौसम को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।

विज्ञापन
विज्ञापन

2. ड्रेस कोड (NEET UG Dress Code): क्या पहनें और क्या नहीं?

सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए एनटीए के ड्रेस कोड के नियम बेहद सख्त हैं। नियमों का पालन न करने पर चेकिंग के दौरान समय खराब हो सकता है।

छात्रों (Male Candidates) के लिए नियम:

  • क्या पहनें: हल्के रंग के साधारण कपड़े जैसे हाफ-स्लीव्स (आधी आस्तीन) की टी-शर्ट या शर्ट। पैंट या ट्राउजर बिल्कुल साधारण होने चाहिए, जिनमें कम से कम पॉकेट हों।
  • क्या न पहनें: पूरी आस्तीन (Full sleeves) के कपड़े, बड़े बटन वाले कुर्ते, ज़िप वाले या भारी कढ़ाई वाले कपड़े, जैकेट या हुडी पहनने की मनाही है।


छात्राओं (Female Candidates) के लिए नियम:

  • क्या पहनें: आधी आस्तीन (Half sleeves) के हल्के रंग के टॉप, साधारण कुर्ती या सलवार-सूट पहना जा सकता है। कपड़े बिल्कुल प्लेन होने चाहिए।
  • क्या न पहनें: भारी कढ़ाई, कसीदाकारी, ब्रोच, बड़े बटन या ज्यादा लेयर वाले फैंसी कपड़े। इसके अलावा पलाजो या लेगिंग्स पहनने से भी बचना चाहिए।


जूते-चप्पल को लेकर नियम:

  • क्या पहनें: पैरों में साधारण स्लीपर्स (चप्पल) या कम हील वाली खुली सैंडल ही पहनें।
  • क्या न पहनें: बंद जूते, बूट्स या ऊंची हील वाले फुटवियर पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।


धार्मिक या पारंपरिक पोशाक:
जो अभ्यर्थी अपनी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पारंपरिक पोशाक (जैसे हिजाब, बुर्का, पगड़ी या कृपाण आदि) पहनकर आ रहे हैं, उन्हें अनुमति है। हालांकि, उन्हें दोपहर 12:30 बजे तक या अंतिम रिपोर्टिंग समय से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा ताकि उनकी सुरक्षा जांच (Frisking) बिना किसी जल्दबाजी के सुचारू रूप से की जा सके।

विज्ञापन

3. साथ में कौन से दस्तावेज लेकर जाने हैं?

घर से निकलने से पहले अपनी किट में नीचे दी गई चीजें जरूर चेक कर लें:

  • एडमिट कार्ड (NEET UG Admit Card): एनटीए की वेबसाइट से डाउनलोड किया हुआ रंगीन प्रिंटआउट। इस पर निर्देशों के अनुसार अपनी पासपोर्ट साइज फोटो पहले से चिपका लें।
  • प्रोफॉर्मा (Proforma): एडमिट कार्ड के साथ डाउनलोड होने वाला प्रोफॉर्मा फॉर्म, जिस पर आपकी पोस्टकार्ड साइज (4”x 6”) रंगीन फोटो चिपकी होनी चाहिए।
  • अतिरिक्त तस्वीरें: अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए कम से कम दो अतिरिक्त पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ साथ रखें (यह वही फोटो होनी चाहिए जो फॉर्म भरते समय अपलोड की गई थी)।
  • मूल पहचान पत्र (Original Photo ID): कोई भी एक वैध सरकारी पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड (फोटो के साथ), ई-आधार, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या राशन कार्ड। ध्यान रहे, आईडी ओरिजिनल होनी चाहिए, फोटोकॉपी नहीं चलेगी।
  • दिव्यांगता प्रमाण पत्र (PwBD Certificate): यदि लागू हो, तो सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र साथ लाएं।

4. क्या लेकर जाने की अनुमति है? (Permitted Items)

आप परीक्षा हॉल के अंदर केवल निम्नलिखित चीजें ही ले जा सकते हैं:

  • एडमिट कार्ड और संबंधित दस्तावेज।
  • एक पारदर्शी (Transparent) पानी की बोतल।
  • दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए जरूरी दस्तावेज।


 

5. प्रतिबंधित वस्तुएं: जिन पर पूरी तरह बैन है

भूलकर भी नीचे दी गई चीजें परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाएं, अन्यथा इन्हें बाहर रखने की कोई आधिकारिक व्यवस्था नहीं होती है:

  • इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स: मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, माइक्रोफोन, स्मार्टवॉच, फिटनेस बैंड, कलाई घड़ी, कैलकुलेटर, कैमरा या कोई भी स्कैनर।
  • स्टेशनरी: ज्योमेट्री/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, स्केल, राइटिंग पैड, इरेज़र, व्हाइटनर या लॉग टेबल।
  • पर्सनल सामान: वॉलेट, हैंडबैग, गॉगल्स (धूप के चश्मे), बेल्ट, टोपी या किसी भी तरह के धातु के सामान।
  • ज्वेलरी/गहने: सोने या किसी भी धातु के झुमके, नाक की लौंग, अंगूठी, चेन, हार, कंगन या धातु वाले हेयर क्लिप व रबर बैंड।
  • खाने-पीने का सामान: किसी भी तरह का खुला या पैक्ड फूड, चॉकलेट, सैंडविच आदि ले जाने की अनुमति नहीं है। (डायबिटीज से पीड़ित मरीजों को पहले से सूचना देने पर शुगर टैबलेट और फल ले जाने की विशेष छूट दी जाती है)।

6. परीक्षा हॉल के अंदर के नियम और प्रक्रिया

  • बायोमेट्रिक और जांच: प्रवेश द्वार पर हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) के जरिए बिना छुए सुरक्षा जांच की जाएगी। इसके अलावा बायोमेट्रिक हाजिरी भी अनिवार्य है।
  • सीट अलॉटमेंट: हर अभ्यर्थी को उनके रोल नंबर के अनुसार ही सीट पर बैठना होगा।
  • रफ वर्क (Rough Work): रफ काम के लिए टेस्ट बुकलेट (प्रश्न पत्र) में ही जगह दी जाएगी। रफ काम के लिए अलग से कोई कागज नहीं मिलेगा और ओएमआर (OMR) शीट पर कोई भी फालतू निशान या रफ काम नहीं करना है।
  • ओएमआर जमा करना: परीक्षा समाप्त होने पर (शाम 5:15 बजे) तब तक अपनी सीट से न उठें जब तक कि इनविजिलेटर आपकी ओएमआर शीट को कलेक्ट और काउंट न कर ले। आप केवल अपनी टेस्ट बुकलेट (प्रश्न पत्र) ही अपने साथ बाहर ला सकते हैं।

7. सुरक्षा जांच को लेकर क्या नियम हैं?

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले उम्मीदवारों की सुरक्षा जांच की जाती है। मेटल डिटेक्टर और अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं के जरिए जांच की जाती है। यदि किसी उम्मीदवार के पास प्रतिबंधित वस्तु पाई जाती है, तो उसे परीक्षा में बैठने से रोका भी जा सकता है।

ग्राफिक पर क्लिक कर पूरी खबर पढ़ें: 

सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी अनौपचारिक सोशल मीडिया संदेश या अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जारी सूचनाओं को ही सही मानें।

शांत मन से परीक्षा दें। बेस्ट ऑफ लक!

विज्ञापन
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें शिक्षा समाचार आदि से संबंधित ब्रेकिंग अपडेट।

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed