UPPSC LT Grade Teacher: एलटी ग्रेड शिक्षक के चार विषयों का परिणाम जारी; 6772 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल
यूपीपीएससी ने एलटी ग्रेड सहायक शिक्षक प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम विज्ञान, वाणिज्य, संस्कृत और गृह विज्ञान विषयों के लिए जारी कर दिया है। कुल 2,98,743 में से 1,61,905 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें 6,772 मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित हुए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी), प्रयागराज ने एलटी ग्रेड सहायक शिक्षक (प्रशिक्षित स्नातक) परीक्षा-2025 का प्रारंभिक परिणाम घोषित कर दिया है। विज्ञापन संख्या A-5/E-1/2025 (28 जुलाई 2025) के तहत आयोजित इस भर्ती परीक्षा के नतीजे विज्ञान, वाणिज्य, संस्कृत और गृह विज्ञान विषयों के लिए जारी किए गए हैं। सफल अभ्यर्थियों को अब मुख्य परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा।
आयोग की ओर से जारी अलग-अलग प्रेस विज्ञप्तियों के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा दिसंबर 2025 में विभिन्न सत्रों में आयोजित की गई थी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट uppsc.up.nic.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं। मुख्य परीक्षा की तिथि और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सूचना अलग से जारी की जाएगी।
विज्ञान विषय का परिणाम और रिक्तियां
विज्ञान विषय की प्रारंभिक परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को प्रथम सत्र में आयोजित की गई थी। इस भर्ती में पुरुष शाखा के 764 और महिला शाखा के 573 पद शामिल हैं। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अंतर्गत स्पर्श ब्लाइंड स्कूल/इंटीग्रेटेड स्पेशल सेकेंडरी स्कूल के लिए 10, सिग्नल डेफ एंड डंब स्कूल के लिए 4 तथा प्रयास शारीरिक दिव्यांग स्कूल के लिए 2 विशेष शिक्षक पद भी शामिल हैं।
विज्ञान विषय के लिए 1,02,953 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 49,538 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 329 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। आयोग के अनुसार न्यूनतम अर्हता अंक प्राप्त न कर पाने के कारण 15 गुना अभ्यर्थियों का अनुपात पूरा नहीं हो सका।
वाणिज्य विषय की स्थिति
वाणिज्य विषय की परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को द्वितीय सत्र में आयोजित हुई थी। इसमें पुरुष वर्ग के 35 और महिला वर्ग के 23 पद शामिल हैं। कुल 66,165 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जबकि 30,619 परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 887 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
संस्कृत विषय का परिणाम
संस्कृत विषय की परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को द्वितीय सत्र में आयोजित की गई थी। इस विषय में पुरुष वर्ग के 90 और महिला वर्ग के 92 पद हैं। साथ ही विशेष विद्यालयों के लिए 6 अतिरिक्त पद भी शामिल हैं।
संस्कृत के लिए 40,402 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 26,273 परीक्षा में शामिल हुए। 2,772 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल हुए हैं। कुछ वर्गों में न्यूनतम अर्हता मानक के कारण 15 गुना अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं हो सके।
गृह विज्ञान विषय का विवरण
गृह विज्ञान की प्रारंभिक परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को प्रथम सत्र में आयोजित की गई थी। इस विषय में पुरुष वर्ग के 206 और महिला वर्ग के 163 पद शामिल हैं। साथ ही दिव्यांग विद्यालयों के लिए 3 विशेष शिक्षक पद भी निर्धारित हैं।
इस विषय के लिए 89,223 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया, जिनमें से 55,475 परीक्षा में शामिल हुए। कुल 2,784 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किए गए हैं।
कुल आंकड़े एक नजर में
चारों विषयों को मिलाकर 2,98,743 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से 1,61,905 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और कुल 6,772 अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि मुख्य परीक्षा की समय-सारणी और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से संबंधित सूचना अलग से जारी की जाएगी। अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद ही अंक और कटऑफ सार्वजनिक किए जाएंगे। आरटीआई अधिनियम 2005 के तहत परिणाम या कटऑफ से संबंधित कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के बाहर की महिला अभ्यर्थियों का परिणाम राज्य सरकार द्वारा दायर विशेष अपील संख्या 475 (डी)/2019 पर माननीय उच्च न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।