नीतीश के पास क्या-क्या: 12 गाय, नौ बछड़े, सोने-चांदी की अंगूठी के साथ सीएम के हलफनामे में ट्रेडमिल तक का जिक्र
नीतीश कुमार दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। नीतीश कुमार बिहार के सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले सीएम बन गए हैं। इतने वर्षों से बिहार की सत्ता पर रहने वाले के पास कितनी संपत्ति है जानते हैं....
विस्तार
बिहार चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद 20 नवंबर को नई सरकार का गठन होने जा रहा है। नीतीश कुमार को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया है। इसी के साथ नीतीश कुमार 10वी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। नीतीश कुमार इतने लंबे समय से बिहार के सीएम हैं, लेकिन उसके बाद भी उनके पास बिहार में कोई घर नहीं है। उनके पास कुल 1,64,82,719 रुपये की संपत्ति है। जिसमें एक करोड़ की कीमत वाला हजार गज का एक फ्लैट दिल्ली में है। आइए जानते है नीतीश कुमार के पास और क्या-क्या है।
नीतीश कुमार के पास कितनी संपत्ति है
2024 के विधानपरिषद चुनाव के दौरान नीतीश कुमार ने जो हलफनामा दिया था। उसके अनुसार नीतीश के पास कुल 1,64,82,719 संपत्ति है। उनके पास 16,82,719 रुपये चल संपत्ति और 1,48,00,000 रुपये अचल संपत्ति है। उनके पास 22 हजार नकद और लगभग 49 हजार रुपए अलग-अलग बैंक खातों में जमा हैं।
2015 में नीतीश कुमार के पास 2,73,24,475 रुपए की संपत्ति थी। इसमें से चल संपत्ति 1,13,05,956 रुपये और अचल संपत्ति 1,60,18,519 रुपये थी। उसमें से उनके बेटे के पास 94,08,322 रुपए की चल संपत्ति और 1,20,18,519 रुपए की अचल संपत्ति थी। नीतीश कुमार के पास चल संपत्ति और अचल संपत्ति मिलाकर कुल 58 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति नहीं थी।
2015 के मुकाबले 2024 में नीतीश की चल संपत्ति में गिरावट देखी गई। 2015 में नीतीश कुमार के पास 18 लाख की चल संपत्ति थी, लेकिन 2024 में यह घट पर 16 लाख रुपए हो गई। क्योंकि 2015 में दो लाख की कीमत वाली हुंडई सैंट्रो एलएस कार 2024 में नीतीश कुमार के पास नहीं थी। इसलिए उनका संपत्ति में यह कमी देखी गई
क्या-क्या है नीतीश के पास
2024 के ब्यौरे के अनुसार नीतीश कुमार के पास फोर्ड इकोस्पोर्ट्स टाइटेनियम कार है, जिसकी कीमत 11,32,753 रुपए बताई गई है। उनके पास 20 ग्राम की दो सोने की अंगूठी और एक चांदी की अंगूठी है। इनकी कुल कीमत 1,26,000 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही नीतीश ने अपने हलफनामे में घर में मौजूद चीजों का भी जिक्र किया है। इनमें एसी, कंप्यूटर, एयर कूलर, ट्रेडमिल मशीन और स्टेबलाइजर चाराकल, 12 गाय, 9 बछड़े, वाशिंग मशीन, गोदरेज माइक्रो ओवन, ओटीजी, व्यायाम साइकिल शामिल हैं। इन सभी सामानों की कुल कीमत चुनावी हलफनामे में 3,52,125 रुपये बताई गई है। इसके साथ उनके पास दिल्ली के द्वारका में हजार स्क्वॉयर फीट का एक फ्लैट है। इसकी कीमत 1,48,00,000 रुपए है।
2015 में नीतीश कुमार के बेटे के पास सात हजार रुपए नगद और 80 लाख से ज्यादा रुपए बिहार के अलग-अलग बैंकों और पोस्ट ऑफिस में जमा थे। 10 लाख की कीमत के सोने चांदी के सिक्के थे। अचल संपत्ति को देखें तो नालंदा में 88 लाख की खेती योग्य जमीन, नालंदा और पटना में तीन लाख की कीमत वाली गैर कृषि भूमि थी। साथ ही नालंदा और बख्तियारपुर में 67 लाख के आवासीय भवन मौजूद थे।

2004 में पत्नी और बेटे के नाम थी आधी से ज्यादा संपत्ति
आज से 20 वर्ष पहले नीतीश कुमार के पास 2004 में नालंदा लोकसभा सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। उस वक्त दिए हलफनामे में उन्होंने कुल 43,89,206 रुपए की संपत्ति बताई थी। इसमें से उन पर 6,72,674 रुपए का कर्ज भी था। उस समय नीतीश कुमार के पास 13,63,572 रुपए की चल संपत्ति और 30,25,634 रुपए की अचल संपत्ति मौजूद बताई थी। इसमें से नीतीश कुमार के नाम पर 28,747 रुपये की चल संपत्ति और 22,36,500 अचल संपत्ति थी।
उनकी पत्नी के नाम पर 12,64,083 रुपये की चल संपत्ति और 39,134 रुपए की अचल संपत्ति थी। वहीं, उनके बेटे के नाम 70,742 रुपए चल संपत्ति और 7,50,000 रुपए अचल संपत्ति थी। नीतीश की पत्नी के पास 2524 वर्ग फीट का पटना में घर था। उनके बेटे के नाम पर लगभग सात लाख से ज्यादा की कीमत वाली कृषि योग्य भूमि थी।
2004 में नीतीश कुमार बिहार में अपने नाम पर तीन जगह जमीन का जिक्र किया था। इसकी कीमत 11 लाख रुपए थी। एक फ्लैट उनके नाम पर दिल्ली में है। जिसकी कीमत तब 11 लाख रुपए थी अब इसकी कीमत एक करोड़ से ज्यादा है।