3 Idiots: सोनम वांगचुक विवाद के बीच सिनेमाघरों में फिर दस्तक देगी आमिर खान की फिल्म '3 इडियट्स'; जानिए कब?
3 Idiots Re-Release: साल 2009 में आई फिल्म '3 इडियट्स' की री-रिलीज को लेकर खबर है। एक बार फिर दर्शक सिनेमाघरों में जाकर आमिर खान की इस फिल्म का लुत्फ उठा सकेंगे। जानिए कब होगी रिलीज?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान के जन्मदिन के अवसर पर बीते साल आयोजित एक फेस्टिवल में फैंस को उनकी कुछ चर्चित फिल्में दोबारा देखने का मौका मिला। हालांकि, उस लिस्ट में उनकी चर्चित और हिट फिल्म '3 इडियट्स' शामिल नहीं थी। अब ऐसी खबर है कि साल 2009 में आई यह ब्लॉकबस्टर फिल्म री-रिलीज होने वाली है।
कब रिलीज होगी फिल्म?
राजकुमार हिरानी निर्देशित फिल्म '3 इडियट्स' की री-रिलीज की चर्चा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सितंबर में यह सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होगी। अपनी मूल रिलीज के करीब 17 साल बाद '3 इडियट्स' री-रिलीज हो रही है। बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, अपनी रणनीतिक योजनाओं के तहत एनएच स्टूडियोज 4 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 इडियट्स' को बड़े पैमाने पर फिर से रिलीज करने जा रहा है। इससे दर्शक एक बार फिर इसे सिनेमाघरों में देख पाएंगे। बता दें कि इस फिल्म में आमिर खान के अलावा आर. माधवन, शरमन जोशी, करीना कपूर और बोमन ईरानी जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
आमिर खान के 'रैंचो' का सोनम वांगचुक से जुड़ा विवाद
इसी महीने, आमिर खान की फिल्म '3 इडियट्स' फिर से चर्चा में रही। दरअसल, सोनम वांगचुक की NEET-UG पेपर लीक विवाद को लेकर भूख हड़ताल के बीच फिल्म '3 इडियट्स' का ताल्लुक उनसे बताया गया। वर्षों से कई दर्शकों का मानना रहा है कि आमिर का किरदार 'फुंसुक वांगडू', लोग 'रैंचो' के नाम से जानते हैं, वह सोनम वांगचुक से प्रेरित था। इस बात ने तब और जोर पकड़ा, जब फिल्म में आमिर के साथ 'चतुर' का किरदार निभाने वाले एक्टर ओमी वैद्य ने सोनम वांगचुक के समर्थन में एक वीडियो पोस्ट किया और दावा किया कि 'रैंचो' का किरदार असल में उन्हीं पर आधारित था।
आमिर खान ने दावे को किया खारिज
मगर, आमिर खान ने ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (BFI) में एक सेशन के दौरान इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी और इस दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने साफ किया, 'जब हम फिल्म बना रहे थे, तब मुझे मिस्टर सोनम के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मैंने हाल ही में 'चतुर' का एक वीडियो देखा, जिसमें उन्होंने यह बात कही थी। लेकिन वे गलत हैं'। उन्होंने आगे बताया कि जब फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी जा रही थी, तब न तो डायरेक्टर राजकुमार हिरानी और न ही राइटर अभिजात जोशी को वांगचुक के बारे में कोई जानकारी थी'।