Box Office: भारत में 100 करोड़ की ओर बढ़ी 'द ओडिसी'; 'धमाल 4' की कमाई में गिरावट, जानिए बाकी फिल्मों का हाल
Box Office Report: इन दिनों सिनेमाघरों में हॉलीवुड फिल्म 'द ओडिसी' लगी हुई है, जो भारतीय दर्शकों को लुभा रही है। इसके अलावा 'धमाल 4' से लेकर 'वेलकम टू द जंगल' तक कई बॉलीवुड फिल्में भी हैं। जानिए बीते दिन किसने कितना कलेक्शन किया?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मानसून के मौसम में सिनेमाघर फिल्मों से गुलजार हैं। थलापति विजय की 'जन नायकन' भी दो दिन बाद दस्तक देगी। फिलहाल क्रिस्टोफर नोलन की हॉलीवुड फिल्म 'द ओडिसी' सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही है। इसके अलावा ‘धमाल 4’, ‘अल्फा’, ‘ईविल डेड बर्न’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्में भी इन दिनों थिएटर में हैं। जानिए सोमवार को इनका प्रदर्शन कैसा रहा?
मंडे टेस्ट में कैसी रही 'द ओडिसी'?
मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, एनी हैथवे, रॉबर्ट पैटिंसन, जेंडाया अभिनीत फिल्म 'द ओडिसी' शुक्रवार 17 जुलाई को रिलीज हुई थी। इसका निर्देशन नामी निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन ने किया है। फिल्म को भारत में खूब प्यार मिल रहा है। वीकएंड पर धांसू कमाई के बाद कल सोमवार को गिरावट आई। मगर, इसके बावजूद शानदार प्रदर्शन रहा।
- ओपनिंग डे पर फिल्म ने 17.40 करोड़ रुपये कमाए थे।
- दूसरे दिन शनिवार को 22 करोड़ रुपये की कमाई की।
- रविवार को इसने 21.90 करोड़ की कमाई की।
- वहीं, बीते दिन यानी सोमवार को चौथे दिन फिल्म का कारोबार 8.35 करोड़ रुपये रहा।
- 'द ओडिसी' का इंडिया नेट कलेक्शन 69.96 करोड़ रुपये हो गया है।
‘धमाल 4’
लोकप्रिय फ्रैंचाइजी की यह चौथी फिल्म 10 जुलाई को रिलीज हुई थी। 'धमाल 4' 100 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। वीकएंड पर इसने शानदार प्रदर्शन किया। मगर, सोमवार को कमाई में गिरावट देखी गई। रविवार को 10वें दिन फिल्म का कलेक्शन 12.75 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, कल सोमवार को यानी 11वें दिन इसने 3.25 करोड़ रुपये कमाए। टोटल नेट कलेक्शन 127.75 करोड़ रुपये हो चुका है। इस फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी और रितेश देशमुख अहम भूमिकाओं में हैं।
‘अल्फा’
यश राज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'अल्फा' बॉक्स ऑफिस पर ढेर होती दिख रही है। आलिया भट्ट, शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल अभिनीत इस एक्शन फिल्म ने रविवार को 10वें दिन 2.25 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, कल सोमवार को कमाई लाखों में सिमट गई। कल 11वें दिन ‘अल्फा’ ने सिर्फ 75 लाख रुपये जुटाए। फिल्म का टोटल कलेक्शन 54.35 करोड़ रुपये हो चुका है।
‘वेलकम टू द जंगल’
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, अरशद वारसी समेत 30 से ज्यादा सितारों से सजी यह फिल्म अब टिकट खिड़की से विदा लेने की कमार पर आ गई है। वीकएंड पर भी इसकी कमाई लाखों में सिमटी रही थी। रविवार को फिल्म ने 55 लाख का कलेक्शन किया था। वहीं, कल बीते दिन सोमवार को यानी 25वें दिन कलेक्शन सिर्फ 13 लाख रुपये रहा। इसका टोटल नेट कलेक्शन 133.13 करोड़ रुपये है।
‘ईविल डेड बर्न’
हॉलीवुड की हॉरर फिल्म ‘ईविल डेड बर्न’ भी सिनेमाघरों में लगी है। रविवार को इसकी कमाई 1.95 करोड़ रुपये रही थी। वहीं, बीते दिन सोमवार को यानी 11वें दिन कलेक्शन 73 लाख रुपये रहा। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 26.98 करोड़ रुपये हो गया है।