Asha Bhosle Funeral: दादी के निधन पर टूटीं पोती जनाई भोसले; दिग्गज गायिका को विदा देते हुए फूट-फूटकर रोईं
Asha Bhosle Last Rites: दिग्गज गायिका आशा भोसले का रविवार 12 अप्रैल को निधन हो गया। उनके निधन से इंडस्ट्री में मातम पसरा है। प्रख्यात गायिका का परिवार गमगीन है। दादी के अंतिम संस्कार की रस्मों के दौरान पोती जनाई भोसले के आंसू नहीं थम रहे। वे बुरी तरह टूट गई हैं।
विस्तार
एक कहावत है, 'मूल से प्यारी ब्याज होती है'। यह कहावत अक्सर पोते-पोतियों के प्रति बड़े-बुजुर्गों का प्यार जताने के लिए कही जाती है। सच भी है कि दादा-दादी, नाना-नानी अपने बच्चों से भी बढ़कर अपने बच्चों के बच्चों को दुलार करते हैं। कुछ ऐसा ही रिश्ता आशा भोसले का अपनी पोती जनाई भोसले से था। जनाई का पहला गाना आया तो आशा ताई ने खूब तारीफ की। जनाई भी दादी को अपनी 'छोटी सी आशा' कहती थीं। दादी के निधन से उन्हें झटका लगा है। आज सोमवार को आशा भोसले के अंतिम संस्कार के दौरान जनाई के आंसू नहीं थमे हैं। श्रद्धांजलि देने आने वाले लोग जनाई को सांत्वना दे रहे हैं।
दादी को खोकर बिखर गईं जनाई, नहीं थम रहे आंसू
दादी के अंतिम संस्कार के दौरान जनाई के आंसू नहीं थम रहे हैं। आने वाले लोगों से मिलकर वे फफक-फफक कर रो रही हैं। उन्हें देख लोगों की आंखें भी नम हो रही हैं। जनाई को यूं टूटते देख एक्ट्रेस तब्बू ने उन्हें गले लगाकर सांत्वना दी।
Asha Bhosle Funeral News Live: आशा भोसले को राजकीय सम्मान, सफेद-पीले फूलों से सजाया गया मोक्षा रथ
रितेश देशमुख ने जनाई को लगाया गले
एक्टर रितेश देशमुख आज सोमवार को आशा भोसले के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने गायिका को श्रद्धांजलि दी और परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कीं। इस दौरान जनाई को रोता देख एक्टर ने उन्हें गले लगाया और सांत्वना दी।
सचिन तेंदुलकर ने जनाई को कराया चुप
सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ आशा ताई को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान उनकी आंखें भी नम हो गईं। उन्होंने भोसले परिवार के प्रति संवेदनाएं जाहिर कीं। आशा भोसले की पोती जनाई को चुप कराया।
मुंहबोले भाई क्रिकेटर सिराज ने जनाई को संभाला
जनाई भोसले के मुंहबोले भाई और क्रिकेटर मोहम्मद सिराज भी आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। भाई को देख जनाई उनसे गले लगकर रोईं। सिराज ने इस दौरान जिनाई को संभाला।