Bhooth Bangla Teaser: अक्षय कुमार की ‘भूत बंगला’ का टीजर रिलीज, कॉमेडी-हॉरर का तड़का; ‘भूल भुलैया’ की आई याद
Bhooth Bangla Teaser: अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ का टीजर रिलीज हो गया है। फिल्म में अक्षय कुमार का कॉमिक अंदाज नजर आया। क्या हॉरर कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' का टीजर डराने में भी कामयाब रहा है?
विस्तार
निर्दशक प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ जल्द ही रिलीज होगी। अब तक इसकी कहानी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई थी। आज रिलीज हुए टीजर में कहानी की झलक मिली है। जानिए, अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘भूत बंगला’ के टीजर में क्या कुछ खास है।
हंसाने के साथ डराता भी है टीजर
फिल्म ‘भूत बंगला’ के टीजर में अक्षय कुमार जहां अपनी कॉमेडी से हंसाते हैं। वहीं डरावना माहौल भी टीजर में दिखता है। अक्षय कुमार का लुक भी टीजर में काफी अलग नजर आया है। कहानी के अलावा बाकी कलाकारों की भी झलक भी टीजर में दिखती है। टीजर की शुरुआत में अक्षय कुमार के किरदार की एंट्री एक बड़े बंगले में होती है। वह यहां आकर खुश हैं। कई सीन्स में परेश रावल से लेकर राजपाल यादव तक अपनी कॉमेडी से हंसाते हैं। एक सीन में असरानी के किरदार का डायलाॅग है, 'मंगलपुर' में कोई शादी नहीं करता है, वधुसुर आएगा। टीजर के आखिर में एक डरावने जीव को दिखाया जाता है। इस वक्त टीजर राेंगटे खड़े करता है। आखिर यह डरावनी चीज क्या है? कौन है वधुसुर? इन सवालों के जवाब दर्शकों को फिल्म में मिलेंगे।
'भूत बंगला को फैंस ने कहा 'भूल भुलैया 2'
फिल्म 'भूत बंगला' का टीजर फैंस को पसंद आया है। दर्शकों ने इसे 'भूल भुलैया 2' कहना शुरू कर दिया है। दरअसल, 'भूल भुलैया 2' में अक्षय कुमार की जगह कार्तिक आर्यन नजर आए थे। यह बात कई फैंस को पसंद नहीं आई थी। ऐसे में अक्षय कुमार के फैंस 'भूत बंगला' को ही 'भूल भुलैया 2' मान रहे हैं। फिल्म के टीजर को दर्शकों ने सोशल मीडिया पर जमकर रिएक्शन दिए हैं।
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म ‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के अलावा परेश रावल, तब्बू, वामिका गब्बी और राजपाल यादव हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में असरानी की भी झलक मिलेगी। पिछले साल इस दिग्गज अभिनेता ने दुनिया को अलविदा कह दिया था।
कमेंट
कमेंट X