अजय देवगन ने ‘धमाल 4’ से अनिल कपूर को किया बाहर? फिल्म का हिस्सा न होने पर खुद अभिनेता ने दी प्रतिक्रिया
Anil Kapoor On Dhamaal 4: ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म का हिस्सा रहे अनिल कपूर ने ‘धमाल 4’ की कास्ट का हिस्सा न होने पर प्रतिक्रिया दी है। जानिए क्या अजय देवगन ने अनिल कपूर को किया फिल्म से बाहर…
विस्तार
अभिनेता अनिल कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सूबेदार’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। हाल ही में फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया, जिसे पसंद किया जा रहा है। बुंदेलखंडी पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में 69 साल के अनिल कपूर एक्शन करते नजर आएंगे। फिल्म के प्रमोशन के दौरान अनिल कपूर ने आगामी कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ का हिस्सा न होने पर बात की।
‘धमाल 4’ में न होने पर दी प्रतिक्रिया
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अनिल कपूर ने निर्माता-निर्देशकों के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात की। इसी दौरान अनिल ने इंद्र कुमार की आगामी फिल्म ‘धमाल 4’ से खुद के बाहर होने पर प्रतिक्रिया दी।
View this post on Instagram
मजाकिया अंदाज में इस पूरे मामले पर बात करते हुए एक्टर ने इंद्र कुमार के साथ हुई अपनी बातचीत की नकल करके दिखाई। अनिल कपूर ने बताया कि मैंने इंद्र कुमार से पूछा, ‘ऐ इंदु! क्या हो गया है? तेरी धमाल 4 में लिया नहीं मुझे पिक्चर में? चलो ठीक है कोई बात नहीं। अजय ने मना किया क्या?’ तो अपना ये इसी तरह से सबके साथ चलता रहता है।
‘धमाल 4’ में नजर आएगी ये कास्ट
‘धमाल’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘टोटल धमाल’ में अनिल कपूर भी नजर आए थे। वो इस फिल्म में माधुरी दीक्षित के अपोजिट थे। अब जब फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म ‘धमाल 4’ बन रही है, तो इसमें फिल्म की प्रमुख कास्ट अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रितेश देशमुख और अजय देवगन शामिल हैं।
इसके अलावा फिल्म में संजय मिश्रा, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन जैसे नए चेहरों को भी शामिल किया गया। लेकिन अनिल कपूर इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं। इंद्र कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म के 3 जुलाई को रिलीज होने की संभावना है।
अनिल कपूर की आगामी फिल्म ‘सूबेदार’ की बात करें तो यह एक एक्शन फिल्म है। इसमें अनिल कपूर के साथ मोना सिंह, सौरभ शुक्ला, राधिका मदान और फैसल मलिक प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह फिल्म 5 मार्च को ओटीटी प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। सुरेश त्रिवेनी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अनिल कपूर सूबेदार अर्जुन मौर्य की भूमिका निभा रहे हैं, जो एक रिटायर्ड सैनिक हैं। फिल्म में राधिका मदान उनकी बेटी की भूमिका में हैं।