अनुपम खेर ने की समय रैना और उनके माता-पिता से मुलाकात, पोस्ट शेयर कर लिखा खास नोट; समय को बताया 'जीनियस'
Anupam Kher: अनुभवी एक्टर अनुपम खेर ने हाल ही में कॉमेडियन समय रैना और उनके माता पिता से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर समय के बारे में कुछ खास लिखा। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
विस्तार
अनुपम खेर ने हाल ही में कॉमेडियन समय रैना और उनके माता-पिता से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं शेयर कीं। पोस्ट में उन्होंने समय और उनके परिवार के बारे में काफी खास बातें लिखीं।
समय और उनके परिवार की जमकर की तारीफ
अनुपम ने बताया कि समय रैना अपने माता-पिता पुष्कर जी और स्वीटी जी के साथ उनके एक्टिंग स्कूल मिलने आए थे। उन्होंने इस परिवार को कश्मीरी पंडित बताते हुए उनकी सादगी, अपनापन और मेहमाननवाजी की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि जहां समय स्क्रीन पर बहुत तेज, मजेदार और स्मार्ट नजर आते हैं, वहीं असल जिंदगी में वह अपने माता-पिता के प्रति काफी जिम्मेदार और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखने वाले बेटे हैं। अनुपम को उनकी यह बात बेहद प्यारी लगी।
28 साल की उम्र में समय का ह्यूमर और टाइमिंग शानदार है। अनुपम ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मुझे लगता है कि वह जीनियस हैं!’ मुलाकात के दौरान दोनों ने साथ में जोक्स करने की कोशिश की, लेकिन पहले अनुपम फेल हुए और फिर समय भी, जिसे उन्होंने बहुत ही मजेदार पल बताया।
जिंदगी की सीख भी दी
इस मुलाकात के जरिए अनुपम ने एक खास संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि जिंदगी में मुश्किल वक्त हमें रुककर सोचने और सीखने का मौका देता है। अगर हम उन सीखों को अपनाएं, तो हमें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
आखिरी में उन्होंने समय और उनके माता-पिता का धन्यवाद किया और इस मुलाकात को यादगार बताया। साथ ही उन्होंने स्वीटी जी से वादा किया कि अगली बार जब वह मुंबई आएंगी, तो वह उन्हें अपनी मां से जरूर मिलवाएंगे।
विवादों में घिरे थे समय रैना
बता दें कि 2025 में रणवीर अल्लाहबादिया ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड के बाद बड़े विवाद में घिर गए थे। उस एपिसोड में उन्होंने एक कंटेस्टेंट से आपत्तिजनक सवाल पूछ लिया था, जिससे काफी विवाद खड़ा हो गया। उन्होंने पूछा था, ‘क्या आप पूरी जिंदगी अपने माता-पिता को रोज संबंध बनाते हुए देखना पसंद करेंगे, या एक बार खुद उसमें शामिल होकर इसे हमेशा के लिए खत्म करना चाहेंगे?’
इसके बाद सोशल मीडिया पर इसका भारी विरोध हुआ। इसके बाद रणवीर और शो के मेकर्स के खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज हुईं। मामला इतना बढ़ गया कि नेशनल कमिशन फॉर विमन ने भी इसमें दखल दिया और रणवीर को लिखित माफी देनी पड़ी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी, लेकिन उनकी टिप्पणी को ‘अश्लील’ बताया और कहा कि इस तरह की बातों से समाज की छवि खराब होती है।