‘रीमिक्स गाने ट्रिब्यूट हैं’, पुराने गानों के रीक्रिएशन पर बोले बाबुल सुप्रियो; अश्लील बोल को लेकर कही ये बात
Babul Supriyo: 90 के दशक के लोकप्रिय सिंगर बाबुल सुप्रियो ने पुराने गानों को रीमिक्स किए जाने पर अपनी राय रखी। जानिए उन्होंने इसे लेकर क्या कुछ कहा…
विस्तार
इन दिनों पुराने गानों को रीमिक्स करने का चलन चल रहा है। हालांकि, इस चलन ने एक नई बहस को भी जन्म दिया है। जिसमें कई लोग पुराने गानों के रीमिक्स को गलत मानते हैं और इसे मूल गानों की बर्बादी बताते हैं। तो वहीं कई लोग इसे एक प्रयोग और नयापन समझकर स्वीकारने की बात कहते हैं। अब सिंगर व राजनेता बाबुल सुप्रियो ने भी पुराने गानों को रीमिक्स किए जाने के मामले पर अपनी राय रखी है।
रीमिक्स को बताया ट्रिब्यूट
हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए बाबुल सुप्रियो ने पुराने गानों को रीमिक्स करने को मूल गाने को ट्रिब्यूट देना बताया। हाल ही में बाबुल सुप्रियो का 'इंतहा हो गई इंतजार की' का रीमिक्स रिलीज हुआ है। इस मौके पर गानों को रीमिक्स करने पर बाबुल ने कहा कि मेरे लिए किसी गाने का रीमिक्स करना असल में उस गाने, गायक, संगीतकार और गीतकार को ट्रिब्यूट देना है। जो गाने कालजयी हैं और अपनी लोकप्रियता साबित कर चुके हैं, रीमिक्स करना बस उन्हें आज के श्रोताओं के सामने समकालीन अंदाज में पेश करना है।
मुझे रीमिक्स गानों के लिए सराहना मिली
अपने गानों से जुड़ा एक किस्सा सुनाते हुए सिंगर ने कहा कि मैंने अपने करियर की शुरुआत में कई रीमिक्स गाए हैं। डीजे अकील के ज्यादातर हिट गाने मैंने ही गाए हैं। यहां तक कि 'परदेसिया', जिस रीमिक्स में राखी सावंत ने डेब्यू किया था, वह भी मैंने ही गाया था। लेकिन मुझे रीमिक्स के लिए कभी कोई आलोचना नहीं मिली, बल्कि लाइव कॉन्सर्ट में उन्हें गाने के अनुरोध मिले।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘अंत को स्वीकार करो’, अर्जुन कपूर को क्या हुआ? एक्टर की क्रिप्टिक पोस्ट से चिंतित हुए फैंस; कमेंट में पूछा हाल
कोई समझदार गायक अश्लील गाने नहीं करेगा
गानों में अश्लील बोलों के कारण कॉन्सर्ट रद्द होने के मुद्दे पर बाबुल सुप्रियो ने कहा कि एक समझदार गायक ऐसा कोई भी गाना नहीं गाएगा या प्रस्तुत नहीं करेगा जो किसी भी जाति, पंथ, धर्म या उद्देश्य की भावनाओं को ठेस पहुंचाए। लेकिन अगर किसी कलाकार के राजनीतिक जुड़ाव के कारण उसके शो को बाधित करने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जाता है, तो यह गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए।