Matthew Perry Death Case: इलाज से ड्रग्स देने तक; कैसे रची गई मैथ्यू पेरी की मौत की साजिश? जानिए पूरा मामला
Matthew Perry Death Case: मशहूर हॉलीवुड अभिनेता मैथ्यू पेरी की मौत मामले में हाल ही में पांचवीं आरोपी को सजा सुनाई गई है। जसवीन संघा एक्टर की मौत में दोषी पाई गई हैं और उन्हें 15 साल की जेल हुई है। जानिए मैथ्यू पेरी की मौत कैसे हुई?
विस्तार
हॉलीवुड के मशहूर एक्टर मैथ्यू पेरी का साल 2023 में निधन हो गया था। लॉस एंजिल्स स्थित आवास पर मैथ्यू पेरी को मृत पाया गया था। बाद में जांच हुई, तो पता चला उनकी मौत केटामाइन ड्रग की ओवरडोज के चलते हुई है। मामले की जांच हुई तो कई कड़ियां खुलीं। डॉक्टर से लेकर अभिनेता के सहायक तक इस मामले में दोषी पाए गए। मैथ्यू के मौत मामले में कुल पांच लोगों दोषी साबित हुए। पांचवीं आरोपी 'केटामाइन क्वीन' के नाम से मशहूर जसवीन संघा को 15 साल की सजा सुनाई गई है। इसके बाद मैथ्यू की मौत का मामला फिर चर्चा में आ गया है। जानिए इसमें क्या-क्या हुआ?
28 अक्तूबर 2023
अभिनेता मैथ्यू मेरी का निधन 28 अक्तूबर 2023 को हुआ। वे अपने लॉस एंजिल्स घर पर मृत पाए गए थे। 'फ्रेंड्स' सीरीज फेम अभिनेता ने 54 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा। उनके आकस्मिक निधन से परिवार और फैंस को झटका लगा।
दिसंबर 2023
एक टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट में यह निष्कर्ष निकला कि मैथ्यू पेरी की मौत केटामाइन के तीव्र प्रभावों के कारण हुई। रिपोर्ट में बताया गया कि पेरी डिप्रेशन और एंग्जायटी के इलाज के लिए नियमित रूप से केटामाइन इन्फ्यूजन ले रहे थे, लेकिन उनका आखिरी इन्फ्यूजन उनकी मौत से एक हफ्ते से भी ज्यादा समय पहले हुआ था। इसके बाद सवाल खड़े हुए कि पेरी की मौत के समय उनके शरीर में केटामाइन कैसे और क्यों मौजूद था?
मई 2024
लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग ने पुष्टि की कि उन्होंने मैथ्यू पेरी की मौत की जांच शुरू कर दी है। तीन महीने बाद, पांच लोगों पर अलग-अलग संघीय आरोप लगाए गए। ये आरोपी थे- डॉ. साल्वाडोर प्लासेंसिया, जसवीन संघा, केनेथ इवामासा, एरिक फ्लेमिंग और डॉ. मार्क चावेज। इन पर लगे आरोपों में केटामाइन बांटने की साजिश शामिल थी, जिसके कारण मौत हुई।
जांच के दौरान मैथ्यू पेरी को ड्रग्स दिए जाने की पुष्टि कैसे हुई और आरोपियों ने अपने गुनाह कैसे कबूल किए, यह जानने से पहले थोड़ा बैकग्राउंड में चलते हैं। यह जान लेते हैं कि मैथ्यू पेरी को ड्रग्स देने का सिलसिला आरोपियों ने कैसे शुरू किया था?
30 सितंबर, 2023
अगस्त 2024 में यूएस वीकली को मिले कोर्ट के दस्तावेजों के अनुसार, 'यह मालूम होने बाद कि मैथ्यू पेरी केटामाइन लेने में दिलचस्पी रखते थे। प्लासेंसिया ने कथित तौर पर चावेज से इस दवा को खरीदने के लिए संपर्क किया, ताकि वह यह केटामाइन उस एक्टर को बेच सकें। दस्तावेजों में यह भी आरोप लगाया गया है कि प्लासेंसिया ने आरोपी चावेज को टेक्स्ट किया, 'मुझे हैरानी है कि यह बेवकूफ इस चीज के लिए कितने पैसे देगा'।
डॉ. मार्क चावेज ने प्लासेंसिया को कम से कम चार शीशियां लिक्विड केटामाइन, गोलियां, सिरिंज और दस्ताने बेचने के बाद, दस्तावेजों में आरोप लगाया गया है कि प्लासेंसिया ने वह दवा पेरी की पूर्व पर्सनल असिस्टेंट इवामासा के पास छोड़ दी और उसे केटामाइन इंजेक्ट करने का तरीका सिखाया, ताकि वह पेरी को यह दवा दे सके।
2 अक्तूबर 2023
इवामासा ने प्लासेंसिया को एक टेक्स्ट मैसेज भेजा था, जिसमें उसने केटामाइन की और शीशियां खरीदने का अनुरोध किया। उसी दिन, प्लासेंसिया ने चावेज को टेक्स्ट करके पेरी को बेचने के लिए और केटामाइन मांगा।
8-10 अक्तूबर, 2023
प्लासेंसिया ने इवामासा को केटामाइन की कई शीशियां बेचीं और उनसे तथा पेरी से कई जगहों पर मुलाकात की, जिनमें लॉन्ग बीच, कैलिफोर्निया भी शामिल था। यहां कथित तौर पर प्लासेंसिया ने कार में बैठे हुए पेरी को इस पदार्थ का इंजेक्शन लगाया। दस्तावेजों में यह भी बताया गया है कि 10 अक्तूबर को, इवामासा ने केटामाइन की और शीशियां खरीदने के लिए फ्लेमिंग से संपर्क किया। इसके बाद फ्लेमिंग ने दवाएं हासिल करने के लिए 'केटामाइन क्वीन' संघा को टेक्स्ट मैसेज भेजा।
14 अक्तूबर, 2023
एक दिन पहले अपने घर पर इवामासा और पेरी को केटामाइन के सैंपल देने के बाद फ्लेमिंग कथित तौर पर पेरी के घर गया, ताकि ड्रग्स के लिए पैसे ले सके। इसके बाद फ्लेमिंग गाड़ी चलाकर संघा के 'स्टैश हाउस' गया और 25 वायल खरीदे। दस्तावेजों के अनुसार, फिर वह वापस पेरी के घर गया और ड्रग्स उसे सौंप दिए।
23 अक्तूबर, 2023
इवामासा ने फ्लेमिंग को मैसेज करके और केटामाइन खरीदने के लिए कहा। कथित तौर पर उसने मैसेज में पूछा, 'क्या हम अगले दो दिनों में वैसा ही कर सकते हैं जैसा हमने पिछली बार किया था'? इसके बाद फ्लेमिंग, इवामासा से पैसे लेने के लिए पेरी के घर गया।
24 अक्तूबर, 2023
फ्लेमिंग ने कथित तौर पर संघा से केटामाइन की 25 और शीशियां खरीदीं और फिर उन दवाओं को पहुंचाने के लिए पेरी के घर वापस चला गया।
25-27 अक्तूबर, 2023
अदालती दस्तावेजों में आरोप लगाया गया है कि इवामासा ने 25, 26 और 27 अक्टूबर को पेरी को केटामाइन के कम से कम छह इंजेक्शन दिए।
28 अक्तूबर, 2023
इसके बाद 28 अक्तूबर 2023 को मैथ्यू पेरी अपने लॉस एंजिल्स स्थित घर के हॉट टब में अचेत अवस्था में पाए गए। उसी दिन बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। दस्तावेंजों में आरोप लगाया गया था कि इवामासा ने पेरी को केटामाइन की कई डोज इंजेक्ट की थीं, जो उसे फ्लेमिंग और संघा से मिली थीं। इसके बाद एक्टर की मौत हो गई और कई गंभीर चोट आईं। यह भी आरोप लगाया गया था कि सिरिंज प्लासेंसिया ने उपलब्ध कराई थीं। उसी दिन, संघा ने फ्लेमिंग को निर्देश दिया कि वे पेरी को केटामाइन बेचने से खुद को अलग कर लें, जिसमें उनके सेलफोन से डिजिटल सबूत मिटाना भी शामिल था।
30 अक्तूबर, 2023
फ्लेमिंग ने कथित तौर पर संघा को टेक्स्ट करके पूछा कि केटामाइन किसी के शरीर में कितने समय तक रहता है, क्योंकि पेरी का तीन महीने का टॉक्स स्क्रीनिंग किया जाना था।
दिसंबर 2023
लॉस एंजिल्स काउंटी मेडिकल एक्जामिनर के कार्यालय ने एक टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट जारी की, जिसमें यह निष्कर्ष निकाला गया कि पेरी की मृत्यु केटामाइन के तीव्र प्रभावों के कारण हुई। अभिनेता की मृत्यु को एक एक्सीडेंट माना गया।
कौन है 'केटामाइन क्वीन' जसवीन संघा? जिसकी वजह से गई हॉलीवुड एक्टर मैथ्यू पेरी की जान; दो देशों की है नागरिकता
मई 2024
लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग ने पुष्टि की कि उन्होंने मैथ्यू पेरी की मौत की जांच शुरू कर दी है, जिसमें विशेष रूप से इस बात पर ध्यान दिया जा रहा है कि पेरी को वह केटामाइन कैसे मिला, जो उनकी मृत्यु के समय उनके शरीर में पाया गया था।
15 अगस्त, 2024
कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के यूएस अटॉर्नी के कार्यालय ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि डॉ. साल्वाडोर प्लासेंसिया (एक लाइसेंस्ड डॉक्टर) और जसवीन संघा उर्फ 'द केटामाइन क्वीन' को 15 अगस्त को पेरी की मौत के मामले में गिरफ्तार किया गया। प्लासेंसिया और संघा दोनों पर केटामाइन बेचने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है।
16 जून, 2025
डेडलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, प्लासेंसिया ने न्याय विभाग के साथ एक 'प्ली डील' (करार) किया और उसे अधिकतम 40 साल की जेल की सजा हो सकती है।
23 जुलाई, 2025
प्लासेंसिया के प्ली डील (समझौते) को स्वीकार करने के एक महीने बाद केटामाइन बांटने के चार मामलों में अपना गुनाह कबूल कर लिया। डॉ. सल्वाडोर प्लासेंसिया ने अभिनेता की मौत से महीनेभर पहले उन्हें केटामाइन देने की बात स्वीकार की। डॉ. सल्वाडोर प्लासेंसिया एक्टर मैथ्यू पेरी की मौत के सिलसिले में आरोपित पांच लोगों में से चौथे व्यक्ति थे, जिन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया।
3 सितंबर, 2025
संघा ने भी मैथ्यू पेरी की मौत के संबंध में पांच संघीय आरोपों को स्वीकार किया। उस पर केटामाइन के वितरण के तीन आरोप, केटामाइन के वितरण के कारण हुई मौत का एक आरोप, और नशीले पदार्थों से जुड़े परिसर को बनाए रखने का एक आरोप लगाया गया था।
3 दिसंबर, 2025
लॉस एंजिल्स टाइम्स के अनुसार, प्लासेंसिया को 30 महीने यानी लगभग ढाई साल की जेल की सजा सुनाई गई। जेल में बिताए समय के बाद यह डॉक्टर दो साल तक निगरानी में भी रहेगा।
एक्टर मैथ्यू पेरी मौत के मामले में दोषी जसवीन संघा को जेल, 15 साल सलाखों के पीछे रहेंगी 'केटामाइन क्वीन'
8 अप्रैल, 2026
एक संघीय न्यायाधीश ने 'केटामाइन क्वीन' जसवीन संघा को 15 साल जेल की सजा सुनाई। जसवीन ने यह स्वीकार किया था कि उन्होंने ही मैथ्यू पेरी को वह केटामाइन बेचा था, जिसके कारण एक्टर की मृत्यु हो गई थी। जसवीन संघा लॉस एंजिल्स में बुधवार (स्थानीय समय) को फेडरल कोर्ट में पेश हुई, जहां डिस्ट्रिक्ट जज शेरिलिन पीस गार्नेट ने उसे 180 महीने की जेल की सजा के साथ-साथ जेल से बाहर आने के बाद तीन साल की प्रोबेशन की सजा भी दी।