समय रैना के वायरल वीडियो के बाद रणवीर का ‘साइलेंस स्ट्रैटेजी’ पोस्ट, कहा- ‘मेरे माता-पिता को मुझ पर गर्व है’
Samay Raina and Ranveer Allahbadia: कॉमेडियन समय रैना के वायरल एपिसोड के बाद अब यूट्यूबर रणवीर इलाहबादिया फिर से चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर एक ‘साइलेंट’ जवाब दिया है।
विस्तार
हाल ही में समय रैना ने यूट्यूब पर स्टिल अलाइव नाम से एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने इंडियाज गॉट लेटेंट में हुई कॉन्ट्रोवर्सी पर खुलकर बात की थी। इस वीडियो में उन्होंने रणवीर को भी जमकर रोस्ट किया था। अब इसके बाद रणवीर इलाहबादिया ने एक वीडियो शेयर किया है, जो समय के वीडियो से जोड़कर देखा जा रहा है।
समय के वीडियो पर क्या बोले रणवीर
हाल ही में रणवीर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, लेकिन खास बात ये रही कि उन्होंने सीधे तौर पर विवाद पर कुछ भी नहीं कहा। इसके बजाय उन्होंने अपनी ‘साइलेंस स्ट्रैटेजी’ यानी चुप रहने की रणनीति के बारे में बात की।
मैं एक स्थापित यूट्यूबर हूं
उन्होंने वीडियो में कहा कि जब आप जिंदगी में आगे बढ़ते हैं, तो कई लोग आपको नीचे खींचने की कोशिश करते हैं और आपके मन में शक पैदा करते हैं। रणवीर ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ‘जब मैं 22 साल का था, बहुत लोग मुझे लेकर शक करते थे। कुछ रिश्तेदार, कुछ जान-पहचान वाले। लेकिन आज वही लोग कुछ भी नहीं कर रहे, और मैं एक स्थापित यूट्यूबर हूं।’
उन्होंने आगे यह भी कहा कि सबसे बड़ी बात ये है कि उनके माता-पिता आज उन पर गर्व करते हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे माता-पिता गर्व से कहते हैं कि हमने उसे कुछ नहीं दिया, उसने खुद सब हासिल किया।’
अपने पोस्ट के कैप्शन में रणवीर ने लिखा, ‘द साइलेंस स्टैटेजी’ जब आप आगे बढ़ते हैं, दुनिया आपको नीचे गिराने की कोशिश करती है। आपका काम है उस शोर को नजरअंदाज करना।’
बता दें कि 2025 में रणवीर अल्लाहबादिया ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड के बाद बड़े विवाद में घिर गए थे। उस एपिसोड में उन्होंने एक कंटेस्टेंट से आपत्तिजनक सवाल पूछ लिया था, जिससे काफी विवाद खड़ा हो गया।
उन्होंने पूछा था, ‘क्या आप पूरी जिंदगी अपने माता-पिता को रोज संबंध बनाते हुए देखना पसंद करेंगे, या एक बार खुद उसमें शामिल होकर इसे हमेशा के लिए खत्म करना चाहेंगे?’ इसके बाद सोशल मीडिया पर इसका भारी विरोध हुआ। इसके बाद रणवीर और शो के मेकर्स के खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज हुईं।
मामला इतना बढ़ गया कि नेशनल कमिशन फॉर विमन ने भी इसमें दखल दिया और रणवीर को लिखित माफी देनी पड़ी। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें गिरफ्तारी से अंतरिम राहत दी, लेकिन उनकी टिप्पणी को ‘अश्लील’ बताया और कहा कि इस तरह की बातों से समाज की छवि खराब होती है।