बंगलूरू में शिल्पा शेट्टी के रेस्टोरेंट के खिलाफ पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जानें क्या है पूरा मामला
FIR Against Shilpa Shetty’s Bastian Restaurant: शिल्पा शेट्टी एक बार फिर मुश्किलों में पड़ती नजर आ रही हैं। अब चर्चाएं हैं कि बंगलूरू स्थित उनके रेस्टोरेंट के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। जानिए क्या है पूरा मामला…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी फिल्मों से ज्यादा अपने व्यक्तिगत जीवन और बिजनेस को लेकर चर्चाओं में रहती हैं। अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि बंगलूरू में शिल्पा शेट्टी के रेस्टोरेंट और पब 'बास्टियन' के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मामला रेस्टोरेंट और पब के देर तक खुले रहने और वहां पर बहस होने से संबंधित है।
देर रात तक खुले रहने पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बंगलूरू पुलिस ने शिल्पा शेट्टी के स्वामित्व वाले 'बास्टियन' रेस्टोरेंट के खिलाफ नियमों का उल्लंघन करते हुए तय समय से अधिक समय तक खुले रहने और देर रात तक पार्टियां आयोजित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। रिपोर्ट्स की मानें तो 'बास्टियन' रेस्टोरेंट 11 दिसंबर को निर्धारित समय से अधिक यानी रात 1:30 बजे तक खुला रहा। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में रेस्टोरेंट के प्रबंधकों और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत कुब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है क्योंकि बस्तियन रेस्टोरेंट शहर के सेंट मार्क रोड पर स्थित है।
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
इससे पहले बीते दिनों एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसमें ये दावा किया जा रहा था कि ये वीडियो बंगलूरू स्थित शिल्पा शेट्टी के रेस्टोरेंट ‘बास्टियन’ के बाहर का है। वीडियो में देर रात ग्राहकों के बीच कहा-सुनी होते दिखाई दे रही है। अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि पुलिस ने इस वीडियो के सामने आने के बाद शिल्पा शेट्टी के बास्टियन पब और रेस्टोरेंट के खिलाफ देर रात तक खुले रहने के चलते एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने निर्धारित समय से अधिक समय तक खुले रहने के लिए मामला दर्ज किया है।
बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट सत्य नायडू भी थे शामिल
वायरल हुए वीडियो में दिख रहे लोगों में से एक व्यवसायी और बिग बॉस के पूर्व प्रतिभागी सत्य नायडू हैं। विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सत्य नायडू ने पहले दुर्व्यवहार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि मैं सिर्फ दोस्तों के साथ खाना खाने पब गया था। उन्होंने बताया कि भुगतान के दौरान भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई और जोर देकर कहा कि कोई हाथापाई नहीं हुई।
यह खबर भी पढ़ेंः कांतारा विवाद पर रणवीर के फैंस ने ऋषभ शेट्टी पर साधा निशाना, बोले- अगर दैव नाराज हुए तो धुरंधर हिट क्यों हुई?
बास्टियन ब्रांड की सह-मालिक हैं शिल्पा
शिल्पा शेट्टी लंबे समय से बास्टियन ब्रांड से जुड़ी हुई हैं। वो इसमें इसके संस्थापक और रेस्तरां व्यवसायी रंजीत बिंद्रा के साथ पार्टनरशिप में हैं। पुलिस ने पुष्टि की कि वीडियो की समीक्षा के बाद स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले दर्ज किए गए, जिनसे पता चला कि पब निर्धारित समय से अधिक समय तक खुले थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये कार्रवाई नए साल से पहले पबों पर की जा रही व्यापक कार्रवाई का हिस्सा है।