‘उरी द सर्जिकल स्ट्राइक’ से लेकर 'बॉर्डर 2' तक में दिखी सेना की शौर्य गाथा, बलिदान की कहानी से नम हुईं आंखें
Patriotic Movies Bollywood (Desh Bhakti Movie): कोई देश तभी गणतंत्र बना रह सकता है, जब तक उसी सीमाएं सुरक्षित हैं। भारत की सीमाओं की सुरक्षा में रात-दिन हमारी सेना तैनात हैं। कई युद्धों का सामना करते हुए वह देश की रक्षा कर चुकी हैं। देश की रक्षा में दिए गए उनके बलिदान पर, उनके साहस पर कई कहानियां बड़े पर्दे पर भी नजर आईं। 26 जनवरी के मौके पर जानिए ऐसी ही कुछ चर्चित वॉर ड्रामा फिल्मों के बारे में।
विस्तार
हाल ही में फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हुआ। इस फिल्म ने दर्शकों के मन में देशभक्ति का जज्बा और जुनून भर दिया है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल का कलेक्शन कर रही है। फिर ‘बॉर्डर 2’ ही नहीं कई और वॉर ड्रामा फिल्में बॉलीवुड में बनी हैं, जिनमें सेना का साहस, रणभूमि में उनका संघर्ष दिखाया गया है। कल 26 जनवरी के मौके पर आप यह फिल्में अपने परिवार के साथ बैठकर देख सकते हैं।
बॉर्डर और बॉर्डर 2
साल 1997 में रिलीज हुई 'बॉर्डर' एक कल्ट वॉर ड्रामा फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था। फिल्म में सनी देओल, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ के अलावा अक्षय खन्ना ने अहम किरदार निभाए थे। इस फिल्म के बैकड्रॉप में 1971 का भारत और पाकिस्तान का युद्ध था। फिल्म में इस युद्ध के दौरान राजस्थान के लोंगेवाला में अपनी पोस्ट की रक्षा 120 भारतीय सैनिक करते हैं। यह फिल्म उस साल की बड़ी हिट थी।
अब बीते शुक्रवार 'बॉर्डर 2' भी रिलीज हुई, इसमें सनी दओल फिर नजर आए। वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी जैसे एक्टर्स आर्मी, नेवी और एयरफोर्स ऑफिसर्स के रोल में दिखे। फिल्म ने तीन दिन में ही छप्परफाड़ कमाई की है।
एलओसी कारगिल
‘बॉर्डर’ के बाद साल 2003 में जेपी दत्ता ने एक और वॉर ड्रामा फिल्म ‘एलओसी कारगिल’ बनाई थी। यह फिल्म भारतीय सेना के ऑपरेशन विजय पर आधरित थी। यह सैन्य ऑपरेशन कारगिल की लड़ाई के नाम भी जाना जाता है। इस फिल्म ने भी दर्शकों को भावुक किया था। फिल्म में संजय दत्त, अभिषेक बच्चन और अजय देवगन के अलावा एक लंबी स्टार कास्ट मौजूद थी।
उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक
साल 2019 में रिलीज हुई 'उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ का लेखन और निर्देशन आदित्य धर ने किया था। यह फिल्म 2016 में पाकिस्तान में मौजूद आंतकी ठिकानों पर की गई भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक पर आधारित थी। फिल्म में विक्की कौशल ने मेजर विहान सिंह शेरगिल का किरदार निभाया था। फिल्म साल 2019 की सबसे चर्चित और हिट फिल्म थी।
शेरशाह
सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'शेरशाह' साल 2021 में रिलीज हुई थी। यह मेजर विक्रम बत्रा की बायोपिक थी। वह कारगिल की लड़ाई में शहीद हुए थे। विक्रम बत्रा की बहादुरी की कहानी यह फिल्म कहती है। फिल्म को विष्णुवर्धन ने निर्देशित किया था। यह फिल्म एक तरह दर्शकों के मन में देशभक्ति का जज्बा भरती हैं, वहीं दूसरी आखें भी नम करती है।
साल 2026 की शुरुआत में फिल्म 'इक्कीस' रिलीज हुई। इसमें अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने आर्मी ऑफिसर अरुण खेत्रपाल का रोल किया था। फिल्म में धर्मेंद्र भी नजर आए, यह उनकी आखिरी फिल्म थी। फिल्म ‘इक्कीस’ सिर्फ 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में बलिदान देने वाले परमवीर चक्र विजेता सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की बायोपिक नहीं है बल्कि इसमें युद्ध के दर्द को भी बयां किया गया है।