ध्रुव राठी ने आदित्य धर पर जमकर साधा निशाना, ‘धुरंधर 2’ को बताया जबरदस्त प्रोपेगेंडा वाली फिल्म
Dhurandhar 2: ‘धुरंधर 2’ फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म रिलीज होने के बाद से ही चर्चा का विषय बनी हुई है। अब ध्रव राठी ने भी एक्स पर ट्वीट कर फिल्म पर रिएक्शन दिया है।
विस्तार
‘धुरंधर 2’ फिल्म 19 मार्च को रिलीज हो गई है। फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है और भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।
सैकनिल्क के अनुसार ‘धुरंधर 2’ ने पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये कमाए हैं। अब कई लोग इसकी तारीफ कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोगों का कहना है कि ये प्रोपेगेंडा फिल्म है। अब इसपर यूट्यूबर ध्रुव राठी का भी रिएक्शन सामने आया है।
ध्रुव राठी ने आदित्य धर को जमकर घेरा
जब 'धुरंधर' का पहला पार्ट आया था, तब भी ध्रुव राठी ने उसपर वीडियो बनाकर उसे प्रोपेगेंडा फिल्म बताया था और डायरेक्टर आदित्य धर को बीजेपी के लिए प्रोपेगेंडा फैलाने वाला बताया था। अब फिल्म का दूसरा पार्ट आ गया है और इसपर भी ध्रुव राठी ने एक्स पर ट्वीट कर आदित्य धर पर कड़ा रिएक्शन दिया है।
उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘मैंने 3 महीने पहले ही आदित्य धर को बीजेपी के लिए प्रोपेगेंडा फैलाने वाला कहा था। अब सबको साफ दिखेगा। पिछली फिल्म में यह थोड़ा बेलेंस था, लेकिन इस बार तो ये ओवरकॉन्फिडेंस में कुछ ज्यादा ही कर बैठे। याद है मैंने कहा था- अच्छी तरह बना हुआ प्रोपेगैंडा ज्यादा खतरनाक होता है? अब तो वो भी नहीं रहा।
आदित्य धर ने सस्तेपन की हद पार कर दी
इससे पहले भी जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ था, तब भी ध्रव राठी ने आदित्य धर को लेकर एक्स पर ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, ‘आदित्य धर ने बॉलीवुड में सस्तेपन की हद पार कर दी है। उनकी नई फिल्म के ट्रेलर में दिखाया गया वायलेंस, खून-खराबा और टॉर्चर को ‘एंटरटेनमेंट’ नहीं कहा जा सकता।
ऐसा लगता है कि पैसों के पीछे भागते हुए वह यह भूल गए हैं कि इस तरह का कंटेंट युवा दर्शकों पर क्या असर डाल सकता है। यह उन्हें वायलेंस के प्रति असंवेदनशील बना सकता है और क्रूरता को नॉर्मल दिखा सकता है।
अब यह सेंट्रल बॉर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के लिए भी एक अहम मौका है कि वह तय करे कि उन्हें ज्यादा चिंता किस बात की है- स्क्रीन पर एक किस सीन से या फिर इतनी ज्यादा हिंसा दिखाने से।’
क्या है फिल्म ‘धुरंधर 2’ की कहानी?
फिल्म ‘धुरंधर 2’ की कहानी में हमजा उर्फ जसकीरत सिंह रांगी की जासूसी सफर की कहानी खून-खराबा के साथ आगे बढ़ रही है। फिल्म में उसके मकसद का पता भी दर्शकों को चलता है।
‘धुरंधर 2’ में इस बार बड़े साहब के किरदार से पर्दा उठा है, यह किरदार के बारे में जानकर कई लोग चौंक जाएंगे। फिल्म में रणवीर सिंह, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर माधवन और सारा अर्जुन के अलावा कई उम्दा कलाकारों ने अपने किरदार को बखूबी निभाया है।