'अगर कुछ गलत है तो फिल्में बनाना छोड़ दूंगा'; 'द केरल स्टोरी 2' पर विवाद के बीच बोले कामाख्या नारायण सिंह
The Kerala Story Controversy: फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' अपनी रिलीज से पहले सुर्खियों में हैं। इसे लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस बीच फिल्म के निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह ने इसका बचाव किया है।
विस्तार
फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' की रिलीज से पहले इस पर बहस छिड़ी है। फिल्म का ट्रेलर जब से आया है, तब से इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। फिल्म की कहानी और थीम को लेकर इस पर विवाद शुरू हो गया है। इस बीच डायरेक्टर कामाख्या नारायण सिंह ने फिल्ममेकर के तौर पर अपनी भूमिका को लेकर हो रही चिंताओं का सीधे जवाब दिया है। उन्होंने क्या कहा? जानिए
किस विषय पर बनी है 'द केरल स्टोरी 2'?
बता दें कि 'द केरला स्टोरी 2' के ट्रेलर को कुछ लोगों ने 'कड़वी सच्चाई' तो कुछ लोगों ने इसे कथित तौर पर 'प्रोपेगैंडा' कहा है। यह फिल्म धर्म बदलने और जबर्दस्ती के विषयों को दिखाती है। इसकी कहानी केरल, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सेट है। इस फिल्म को लेकर ऑनलाइन और ऑफलाइन चर्चाएं तेज हो रही हैं। इस बीच फिल्म के निर्देशक ने फिल्म बनाने में रिसर्च और ईमानदारी के प्रति अपने कमिटमेंट पर जोर दिया है।
कहा- 'कुछ भी गलत हुआ तो फिल्ममेकिंग छोड़ दूंगा'
समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी के बारे में ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मैं एक डॉक्यूमेंट्री फिल्ममेकर रहा हूं। मैंने हमेशा ऐसी डॉक्यूमेंट्री और फिल्में बनाई हैं, जो समाज की बुराईयों और मुद्दों को दिखाती हैं। ऐसी फिल्में जो सवाल उठाती हैं और लोगों को अपने आस-पास क्या हो रहा है? इस पर सोचने को मजबूर करती हैं'।
कब रिलीज होगी फिल्म?
निर्देशक ने आगे कहा, 'मैं कोई फिल्म या डॉक्यूमेंट्री रिलीज करने से पहले किसी समस्या को अच्छी तरह समझने के लिए हमेशा गहरी रिसर्च करता हूं'। उन्होंने फिल्म के असली होने पर अपना भरोसा जताते हुए कहा, 'मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया है, मुझ पर भरोसा करें। अगर हमने फिल्म में कुछ भी गलत दिखाया है, तो मैं फिल्म बनाना छोड़ दूंगा'। बता दें कि यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।