‘लव यू पापा…’, नए साल पर ईशा देओल ने इस तरह से पापा धर्मेंद्र को किया याद; इस अंदाज में किया 2026 का स्वागत
Esha Deol Remember Dharmendra: ईशा देओल ने दुबई में अपना नया साल मनाया है। इस दौरान उन्होंने बड़े ही खास तरीके से पापा धर्मेंद्र को भी याद किया है। जानिए ईशा ने किस तरह लुटाया पापा के लिए प्यार…
विस्तार
हर कोई अपने-अपने तरीके से नए साल का स्वागत कर रहा है। अभिनेत्री ईशा देओल ने दुबई में नए साल का स्वागत किया। नए साल की शुभकामनाएं देते हुए ईशा ने अपने इंस्टाग्राम पर इसकी पोस्ट भी साझा की। इस पोस्ट में ईशा ने अपने पापा दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र को भी याद किया। साथ ही उन्होंने लोगों को नए साल की बधाई भी दी।
ईशा को आई धर्मेंद्र की याद
ईशा देओल ने अपने इंस्टाग्राम पर नए साल की शुभकामनाएं देते हुए एक पोस्ट साझा की। इसमें ईशा यूएई में नजर आ रही हैं। सबसे खास बात की उन्होंने अपने नए साल की शुभकामनाओं में भी अपने पापा यानी दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र का जिक्र किया है। ईशा ने अपने इंस्टाग्राम पर दो तस्वीरें साझा की हैं। पहली तस्वीर में वो जहां आसमान की ओर इशारा करते हुए चांद दिखा रही हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में वह आसमान की ओर इशारा कर रही हैं, जहां ‘लव यू पापा’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘हमेशा खुश, स्वस्थ और मजबूत रहें।’
View this post on Instagram
आज ही रिलीज हुई है धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म
अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ आज ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित ‘इक्कीस’ भारत के दूसरे लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के जीवन पर आधारित है, जो 21 साल की उम्र में युद्ध में शहीद हो गए थे। अगस्त्य नंदा की प्रमुख भूमिका वाली इस फिल्म में धर्मेंद्र ने अरुण खेत्रपाल के पिता की भूमिका निभाई है। उनको पर्दे पर देखकर फैंस भावुक हो रहे हैं।
24 नवंबर को हुआ था धर्मेंद्र का निधन
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को निधन हो गया था। वो कई दिनों से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। हालांकि, कई दिनों तक ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती रहने के बाद परिजन उन्हें वापस घर ले आए थे। इसके बाद 24 नवंबर को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।