'आपके वो शब्द आज भी याद हैं', एक्स वाइफ सुजैन के पिता संजय खान के जन्मदिन पर ऋतिक रोशन ने शेयर किया खास पोस्ट
Hrithik Roshan Post For Sanjay Khan: ऋतिक रोशन और सुजैन खान का तलाक हो चुका है। मगर, दोनों के बीच दोस्ती का रिश्ता कायम है। खान और रोशन परिवारों के बीच भी अच्छी बॉन्डिंग है। संजय खान के जन्मदिन के अवसर पर ऋतिक ने एक खूबसूरत पोस्ट शेयर कर बधाई दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ऋतिक रोशन की एक्स वाइफ सुजैन खान के पिता और लोकप्रिय अभिनेता, निर्माता-निर्देशक संजय खान ने 03 जनवरी को अपना जन्मदिन मनाया। जन्मदिन के एक दिन बाद आज रविवार को ऋतिक रोशन ने संजय खान को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखा है। जानिए उन्होंने क्या लिखा है?
लिखा- 'हमेशा खास महसूस कराने के लिए शुक्रिया'
ऋतिक रोशन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने कुछ खूबसूरत फोटोज शेयर किए हैं। इसके साथ लिखा है, 'डैड, आज आपके जन्मदिन पर मैं आपका शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि आप हमेशा मेरी जिंदगी में एक बड़े प्यारे और गाइड करने वाले इंसान रहे हैं। मुझे हमेशा इतना खास महसूस कराने के लिए शुक्रिया, जितना मैं खुद को नहीं समझता। जितनी भी जगहों को मैं जानता हूं, उनमें से एक जगह जहां मुझे बिना शर्त प्यार मिलने की गारंटी रही, वह थी जब मैं आपके और मां के साथ होता था'।
संजय खान ने दी थी ऋतिक को यह सीख
ऋतिक ने आगे लिखा है, 'मुझे आज भी याद है कि जब हम पहली बार मिले थे, तो आपने मुझसे पहले शब्द कहे थे, ''तुम्हारा नाम H से शुरू होता है। इसका मतलब है कि तुम बड़ी ऊंचाइयों के लिए बने हो मेरे बेटे'! मैंने इस पर यकीन किया डैड। मैंने इस पर विश्वास किया, क्योंकि यह आपने कहा था। एक और यादगार बात जो मुझे याद है, वह यह है कि जब मैं एक एक्टर के तौर पर अपने शुरुआती दिनों में एक शूट को लेकर नर्वस था, तो आपने मेरी तरफ देखा और कहा, 'हर शॉट से पहले, जब क्लैप आपके चेहरे को ढकती है तो खुद को संभालो, मुस्कुराओ और धीरे से कहो 'मैजिक टाइम' और फिर सब कुछ छोड़ दो। वह बात मेरे साथ रह गई डैड और मैं आज भी उसका इस्तेमाल करता हूं। यह किसी जादू जैसा है। हर बार'।
'अगले 100 वर्षों तक हमारे मार्गदर्शक बने रहें'
ऋतिक रोशन ने लिखा है, 'आप भारतीय टेलीविजन इंडस्ट्री के लिए एक पायनियर रहे हैं। इंटरनेट से रिसर्च आसान होने से बहुत पहले 'टीपू सुल्तान' जैसा अच्छी तरह से रिसर्च किया हुआ ऐतिहासिक शो बनाना, आपने OTT से बहुत पहले भारतीय टेलीविजन के लिए स्टैंडर्ड ऊंचा कर दिया। इतने वर्षों बाद भी यह शो हममें से बहुतों का पसंदीदा बना हुआ है। सच में, आपको कोई नहीं रोक सकता पापा, आपने तो मौत को भी चकमा दिया और आगे बढ़ते रहे। आप अगले 100 वर्षों तक हमारे मार्गदर्शक बने रहें। हम आपसे प्यार करते हैं। जन्मदिन मुबारक हो डैड'। मां हम आपको बहुत मिस करते हैं, बहुत प्यार करते हैं। 3 जनवरी 2025'। बता दें कि सुजैन की मां और संजय खान की पत्नी जरीन खान ने 07 नवंबर 2025 को दुनिया को अलविदा कह दिया।
ऋतिक की गर्लफ्रेंड ने किया रिएक्ट
ऋतिक रोशन के इस पोस्ट पर उनकी गर्लफ्रेंड सबा आजाद ने भी रिएक्शन दिया है। उन्होंने रेड हार्ट इमोजी पोस्ट किए हैं। सुजैन और ऋतिक रोशन की शादी साल 2000 में हुई थी। साल 2014 में दोनों का तलाक हो गया।