यश की ‘टॉक्सिक’ में अपने किरदार को लेकर कियारा आडवाणी ने दी जानकारी, निर्देशक को लेकर कही ये बात
Kiara Advani On Toxic: कियारा आडवाणी यश के साथ ‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगी। अब कियारा ने फिल्म की रिलीज से पहले अपने किरदार को लेकर बात की है। जानिए उन्होंने क्या कुछ बताया…
विस्तार
‘केजीएफ’ स्टार यश की आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ अपनी घोषणा के बाद से ही लगातार चर्चाओं में बनी हुई है। फिल्म को लेकर दर्शक काफी उत्साहित हैं। हालांकि, अभी फिल्म की रिलीज में वक्त है। फिल्म यश के नए लुक के साथ-साथ अपनी स्टारकास्ट, खासकर महिला किरदारों को लेकर भी लगातार सुर्खियां बटोर रही है। अब फिल्म में नादिया का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर बात की है।
किरदार को लेकर उत्साहित हैं कियारा
ग्रैजिया के साथ हालिया बातचीत में कियारा ने अपने किरदार को लेकर कहा कि नादिया का किरदार अब तक पढ़े गए किरदारों में सबसे अनोखा है। मेरी निर्देशक गीतु मोहनदास ने जिस तरह से इस किरदार को लिखा और उसकी यात्रा को आकार दिया है, उससे मैं बेहद उत्साहित हूं। मुझे लगा कि मैं इस चुनौती को स्वीकार करने और उनकी नजर में इस भूमिका को पर्दे पर उतारने के लिए पूरी तरह से तैयार हूं।
रिलीज हो चुका है फिल्म का पहला गाना
फिल्म से कियारा का पहला लुक सामने आ चुका है। इसमें एक्ट्रेस ब्लैक ड्रेस में एक स्टेज पर खड़ी नजर आई थीं। इसके बाद इसी महीने की शुरुआत में फिल्म का पहला गाना ‘तबाही’ रिलीज किया गया है।
हालांकि, अभी तक गाने का सिर्फ ऑडियो वर्जन ही सामने आया है। लेकिन गाने के पोस्टर में कियारा यश के साथ रोमांटिक पोज में दिखी थीं। इस गाने को विशाल मिश्रा ने गाया है और उन्हींने संगीत भी दिया है। गाने को हिंदी के अलावा कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषा में भी रिलीज किया गया है।
इस वजह से आगे बढ़ी रिलीज डेट
‘टॉक्सिक’ का टीजर भी सामने आ चुका है, जिसमें यश के नए लुक को देखकर फैंस फिल्म को लेकर और भी उत्साहित हो गए थे। पहले ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च को ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के साथ ही रिलीज होने वाली थी। लेकिन गल्फ देशों में चल रहे तनाव के चलते फिल्म को आगे बढ़ा दिया गया। अब ‘टॉक्सिक’ 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।
गीतू मोहनदास द्वारा निर्देशित ‘टॉक्सिक’ में यश प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ फिल्म में कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, नयनतारा, तारा सुतारिया और रुक्मणी वसंत समेत कई अन्य कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह एक जबरदस्त एक्शन फिल्म होने वाली है। फिल्म की कहानी भी यश ने गीतू मोहनदास के साथ मिलकर लिखी है।