‘मधुबाला’ की बायोपिक को लेकर अब सामने आई नई जानकारी, क्या कियारा आडवाणी नहीं होगी फिल्म का हिस्सा?
Madhubala Biopic: ‘मधुबाला’ की बायोपिक को लेकर अब एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। जानिए क्या है फिल्म को लेकर नई अपडेट और क्या है फिल्म का नया स्टेटस…
विस्तार
भारतीय सिनेमा की सबसे लोकप्रिय और खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक मधुबाला की बायोपिक काफी वक्त से चर्चा का विषय बनी हुई है। बीच में ऐसी चर्चाएं थीं कि कियारा आडवाणी इस बायोपिक में मधुबाला की भूमिका निभाएंगी। जबकि संजय लीला भंसाली इस फिल्म का निर्माण करेंगे। लेकिन अब ऐसी खबरें आ रही हैं कि कियारा इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगी।
कियारा के फिल्म में होने की खबरें झूठी
इंडस्ट्री से जुड़े एक अदरूनी सूत्र ने हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए इस खबर को खारिज किया है। सूत्र ने बताया कि संजय लीला भंसाली द्वारा निर्मित मधुबाला की बायोपिक में कियारा आडवाणी के अभिनय की खबरों में कतई सच्चाई नहीं है। ये दावे पूरी तरह निराधार और अटकलबाजी पर आधारित हैं।
हालांकि, फिल्म के बारे में अधिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन यह बताया जा रहा है कि इस फिल्म का निर्देशन जसमीत के. रीन करेंगी। जसमीत ने आलिया भट्ट, शेफाली शाह और विजय वर्मा स्टारर ब्लैक कॉमेडी-ड्रामा 'डार्लिंग्स' का भी निर्देशन किया था।
‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगी कियारा
कियारा आडवाणी के वर्कफ्रंट की बात करें तो वो आखिरी बार वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'वॉर 2' में नजर आई थीं। कियारा के अलावा फिल्म में ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर मुख्य भूमिकाओं में थे।
कियारा की अपकमिंग फिल्म में यश की ‘टॉक्सिक’ है। इसमें कियारा के अलावा नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुक्मिणी वसंत भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी।
मधुबाला की बात करें तो 1950 के दशक में वह भारतीय सिनेमा की सबसे मशहूर अभिनेत्री रही हैं। उन्होंने आठ साल की उम्र में बाल कलाकार के रूप में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।
1947 में 14 साल की उम्र में मधुबाला ने फिल्म नील कमल में मुख्य अभिनेत्री के रूप में अपनी शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में ‘मुगल-ए-आजम’ ‘मिस्टर एंड मिसेज 55’, ‘राज हाथ’, ‘काला पानी’, ‘चलती का नाम गाड़ी’ और ‘हावड़ा ब्रिज’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया।
जब वह महज 21 वर्ष की थीं तब वह भारत की सबसे अधिक फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं। उनसे अधिक फीस लेने वाले केवल तीन पुरुष अभिनेता - दिलीप कुमार, राज कपूर और देव आनंद थे। 1969 में बीमारी के कारण उनका निधन हो गया। वह 36 वर्ष की थीं।
कमेंट
कमेंट X