Merry Christmas 2021: रणवीर सिंह ने मुंबई में बच्चों संग मनाया क्रिसमस, ‘83’ की स्पेशल स्क्रीनिंग में जमकर किया धमाल
फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग शनिवार को रणवीर सिंह ने यहां के एक थिएटर में बच्चों के साथ भी रखी और उनके साथ धूमधाम से क्रिसमस मनाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपनी पीढ़ी में हिंदी सिनेमा के नंबर वन हीरो कहलाने वाले रणवीर सिंह की शुक्रवार को रिलीज हुई फिल्म ‘83’ की पहले दिन की बॉक्स ऑफिस की कमाई भले बॉक्स ऑफिस उम्मीदों पर खरी न उतरी हो लेकिन फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया का फायदा फिल्म को शनिवार को होता दिख रहा है। फिल्म की एक खास स्क्रीनिंग शनिवार को रणवीर सिंह ने यहां के एक थिएटर में बच्चों के साथ भी रखी और उनके साथ धूमधाम से क्रिसमस मनाया। इस कार्यक्रम में रणवीर सिंह अपनी गाड़ी खुद चलाकर पहुंचे और बच्चों संग काफी वक्त बिताया।
फिल्म ‘83’ के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में शुक्रवार के मुकाबले शनिवार में करीब 30 फीसदी का उछाल देखा जा रहा है। फिल्म के पहले दिन के आंकड़े उम्मीद के मुताबिक न होने का हालांकि फिल्म के हीरो रणवीर सिंह पर खास असर दिखाई नहीं दिया। वह यहां क्रिसमस पर हुए एक कार्यक्रम में मस्ती के फुल मूड में नजर आए। जुहू पीवीआर में हुए इस खास कार्यक्रम के लिए रणवीर सिंह ने अपनी आदत के मुताबिक अतरंगी कपड़े पहने और खुद कार चलाकर बच्चों से मिलने पहुंचे।
रणवीर सिंह को पता है कि फिल्म ‘83’ में उनके अभिनय की हर तरफ जमकर तारीफ हो रही है। उनके इस अभिनय को अगले साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में भी सम्मान मिलने की खुसफुसाहट अभी से चालू हो गई है। रणवीर सिंह ने फिल्म ‘83’ में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे कपिल देव का किरदार किया है और ये फिल्म 1983 में भारतीय क्रिकेट टीम के पहली बार विश्वविजेता बनने के बारे में है।
फिल्म ‘83’ में रणवीर का अभिनय इसलिए भी तारीफें बटोर रहा है क्योंकि ऐसे किसी किरदार का संदर्भ सिनेमा में पहले है नहीं। इसके पहले भी रणवीर सिंह ने ‘बाजीराव मस्तानी’, ‘पद्मावत’, ‘सिम्बा’ और ‘गली ब्वॉय’ में ऐसे किरदार किए हैं जिनके संदर्भ सिनेमा में मिलना मुश्किल हैं। किसी भी किरदार के हिसाब से अपनी देहयष्टि और भाव भंगिमाएं बदल लेना रणवीर सिंह की खासियत रही है और इसी के चलते उनकी गिनती हिंदी सिनेमा के सबसे अच्छे अभिनेताओं में होती रही है।
शनिवार को फिल्म ‘83’ की स्क्रीनिंग में पहुंचे रणवीर ने बच्चों संग अपनी फिल्म फिर से देखी। उनके साथ लंबा वक्त बिताया और केट काटने के बाद बच्चों को खूब सारे तोहफे भी दिए। फिल्म ‘83’ के पहले दिन उम्मीद के हिसाब से कमाई न कर पाने के चलते हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में सुबह से हलचल है और इसे रिलीज करने वाली कंपनी रिलायंस एंटरटेनमेंट भी इस हिसाब में लगी हुई है कि कैसे फिल्म का कलेक्शन आने वाले दिनों में बढ़ाया जा सकता है।