‘मैरी कॉम’ फेम सुनील थापा के निधन पर मनोज बाजपेयी ने दी श्रद्धांजलि, प्रियंका चोपड़ा हुईं भावुक; साझा की यादें
Priyanka Chopra Talk About Late Actor Sunil Thapa: शुक्रवार को फिल्म ‘मैरी कॉम’ और सीरीज ‘द फैमिली मैन’ फेम एक्टर सुनील थापा का निधन हो गया। प्रियंका चोपड़ा के साथ वह ‘मैरी कॉम’ में नजर आए। देसी गर्ल का उनके साथ गहरा कनेक्शन था। सुनील थापा के निधन से दुखी प्रियंका चोपड़ा ने उनके नाम एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है। अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी सुनील थापा काे श्रद्धांजलि दी है।
विस्तार
दिग्गज नेपाली फिल्म एक्टर सुनील थापा ने कई बॉलीवुड फिल्मों में भी अभिनय किया। दर्शकों को अपने उम्दा अभिनय का कायल बनाया। कई बॉलीवुड सेलेब्स के साथ भी उनके रिश्ते बहुत अच्छे रहे। शुक्रवार को 68 साल की उम्र में सुनील थापा ने दुनिया को अलविदा कह दिया। सुनील थापा के निधन की खबर सुनकर प्रियंका चोपड़ा भी दुखी हैं। उन्होंने अपने को-एक्टर के नाम एक भावुक पोस्ट साझा की है। प्रियंका के अलावा मनोज बाजपेयी ने भी इंस्टाग्राम पर सुनील थापा के निधन पर शोक जताया है।
प्रियंका ने सुनील थापा को बताया पिता समान
प्रियंका चोपड़ा ने 'मैरी कॉम' फिल्म का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सुनील थापा उनके साथ नजर आ रहे हैं। फिल्म में वह प्रियंका चोपड़ा के किरदार मैरी कॉम के कोच बने थे। इस वीडियो के साथ ही एक इमोशनल मैसेज भी लिखा है। वह पोस्ट में लिखती हैं, ‘आप हमेशा मेरे कोच सर रहेंगे। जब मैंने अपने पापा को खो दिया था, तब आपने मुझे संभाला। आपने मुझे प्यार दिया। बिना अहसास कराए कई मुश्किल दिनों में मेरी मदद की। आपकी गर्मजोशी, आपकी हंसी हमेशा मेरी यादों का हिस्सा रहेंगी। बहुत जल्दी चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे।’
वह आगे लिखती हैं, ‘ऐसे समय में जब मैं टूटी हुई थी, आपके प्यार के लिए शुक्रिया। आपकी आत्मा को शांति मिले। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं परिवार और प्रियजनों के साथ हैं।’
मनोज बाजपेयी ने भी सुनील थापा को दी श्रद्धांजलि
प्रियंका चोपड़ा के अलावा मनोज बाजपेयी ने सुनील थापा को श्रद्धांजलि देते हुए एक इंस्टाग्राम स्टोरी साझा की है। वह अपनी पोस्ट में लिखते हैं, ‘यह बहुत दुख की बात है। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे सर। आपके कारण मेरे ‘द फैमिली मैन’ सीजन 3 की यादें हमेशा जिंदा रहेंगी।’
अभिनेता सुनील थापा का निधन कार्डियक अरेस्ट से हुआ। उन्होंने अपने जीवन का एक लंबा वक्त फिल्मों को दिया था। नेपाली सिनेमा में उन्होंने लगभग 300 फिल्में की थी। साथ ही भोजपुरी फिल्मों में भी अभिनय किया। इसके अलावा सुनील थापा ने कई बॉलीवुड फिल्मों व वेब सीरीज में भी काम किया है। उन्हें बॉलीवुड में हाल ही में ‘द फैमिली मैन’ और ‘मैरी कॉम’ में काम करने के लिए पहचाना जाता है। ‘मैरी कॉम’ के लिए उन्हें फिल्मफेयर में भी नॉमिनेशन मिला। इसके अलावा उन्होंने ‘एक दूजे के लिए’ और ‘आज की आवाज’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है।
प्रियंका चोपड़ा करियर फ्रंट पर क्या कर रही हैं?
प्रियंका चोपड़ा के करियर फ्रंट की बात करें तो वह हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' और राजामौली की पैन इंडिया फिल्म 'वाराणसी' का हिस्सा हैं। फिल्म 'वाराणसी' की शूटिंग, प्रमोशन के लिए वह लगातार भारत आ रही हैं। यह फिल्म अगले साल रिलीज हो सकती है।