सूर्या: जन्मदिन पर रिलीज हुआ सनी देओल की फिल्म का टीजर, फिर गुस्से भरे अंदाज में दिखे अभिनेता, कब होगी रिलीज?
Film Surya Teaser Released: सनी देओल की अगली फिल्म 'सूर्या' का टीजर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। यह टीजर अभिनेता के 69वें जन्मदिन पर जारी किया गया। जानिए इसमें क्या है खास?
विस्तार
आज अभिनेता सनी देओल अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर एक्टर की आगामी फिल्म 'सूर्या' की पहली झलक मेकर्स ने रिलीज कर दी है। जानें कैसा है टीजर?
क्या है सूर्या के टीजर में खास?
फिल्म ‘सूर्या’ के टीजर में सनी देओल फिर से एक बार आक्रामक अवतार में नजर आने वाले हैं। उन्होंने फिल्म में एक ऐसे व्यक्ति के किरदार को निभाया है जो अतीत के घाव लिए घूम रहा है। वहीं उसका सामना मेडिकल प्रोफेशन से जुड़ी धांधली से होता है। इस सबके बाद सूर्या सच की खोज में निकल जाता है। उसके प्रयास से एक अवैध प्रणाली का पता चलता है, जिससे लोग लंबे समय से अंजान हैं।
फिल्म पर क्या बोले निर्देशक?
फिल्म को लेकर निर्देशक एम. पद्मकुमार ने कहा, ‘सूर्या के लिए, हम सनी सर को एक ऐसे रूप में दिखाना चाहते थे, जैसा दर्शकों ने उन्हें पहले कभी नहीं देखा। उनका किरदार अपने अतीत के गहरे दर्द को लिए हुए है, लेकिन यही दर्द उन्हें सच्चाई की ओर धकेल रहा है। सनी सर ने अपने किरदार में जबरदस्त संयम, संवेदनशीलता और तीव्रता दिखाई है। एक्शन और टकराव महत्वपूर्ण हैं, लेकिन सूर्या की असली ताकत उनके पीछे छिपे इंसान में है और इस बात में है कि वह सवाल पूछना क्यों नहीं छोड़ते?’
फिल्म ‘सूर्या’ के बारे में
- फिल्म की कास्ट में सनी देओल के अलावा रवि किशन, प्रज्ञा जयसवाल, तनुश्री चक्रवर्ती, मनीष वाधवा, टीनू आनंद भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
- इसके साथ ही वीरती वाघानी, जिशु सेनगुप्ता, खालिद सिद्दीकी, अनूप त्रिवेदी और रोहित तिवारी भी फिल्म में नजर आएंगे।
- यह फिल्म 20 नवंबर को रिलीज की जाएगी।
- फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है।