हाथों में हाथ और चेहरे पर बड़ी सी मुस्कुराहट, शादी के बाद पहली बार नजर आए ‘विरोश’; फैंस को दिया फ्लाइंग किस
Vijay Rashmika First Appearance: शादी के बाद विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना पहली बार मीडिया के सामने आए। देखिए किस अंदाज में दिखे विरोश और कैसे फैंस को बोला थैक्यू…
विस्तार
फैंस के सबसे चहेते कपल विरोश यानी विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना अब आधिकारिक रूप से पति-पत्नी बन गए हैं। दोनों ने कल यानी 26 फरवरी को उदयपुर में एक-दूसरे का हाथ थामा। अब शादी के अगले दिन विजय-रश्मिका पहली बार पति-पत्नी के तौर पर नजर आए। कपल को एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया। इस दौरान दोनों काफी खुश नजर आए और उन्होंने पैपराजी को पोज भी दिए।
काफी खुश नजर आया कपल
शादी के अगले दिन कपल हाथों में हाथ डाले रोमांटिक अंदाज में नजर आए। इस दौरान रश्मिका जहां लाल रंग के अनारकली सूट में नजर आईं, वहीं विजय देवरकोंडा लाइट व्हाइट कलर के शॉर्ट कुर्ते और पैंट में नजर आए।
इस दौरान कपल के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कुराहट और शादी का ग्लो साफ झलक रहा था। कपल को देखते ही पैपराजी ने उन्हें मुबारकवाद दी, जिसका दोनों ने हंसकर जवाब दिया और हाथ जोड़कर अभिवादन किया। इस दौरान विजय-रश्मिका ने फैंस और पैपराजी को फ्लाइंग किस भी दिया। दोनों का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
आठ साल चले अफेयर के बाद एक हुए विरोश
लगभग आठ साल तक चले अफेयर के बाद विजय और रश्मिका ने 26 फरवरी को शादी कर ली। कपल ने तेलुगु और कोडवा दोनों परंपराओं से शादी की रस्में पूरी कीं। फैंस को लंबे वक्त से इस कपल के एक होने का इंतजार था। अंतत: ये इंतजार कल पूरा हुआ। शाम में जैसे ही कपल ने शादी की तस्वीरें जारी कीं, फैंस और सेलेब्स के कमेंट की बाढ़ आ गई।
विजय और रश्मिका की मुलाकात साल 2018 में आई फिल्म ‘गीता गोविंदम’ के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों ने साथ में 2019 में आई फिल्म ‘डियर कॉमरेड’ में भी काम किया। इस दौरान दोनों की दोस्ती देखते-देखते प्यार में बदल गई। दोनों के अफेयर को लेकर चर्चाएं तो अक्सर ही उठती रहीं। दोनों को कई मौकों पर साथ स्पॉट भी किया गया, लेकिन कपल ने कभी भी खुलकर अपने रिश्ते को स्वीकार नहीं किया।