Exclusive: छत्रपति शिवाजी महाराज पर बनाएंगे फिल्म; अमित राय बोले- 'हम भूल जाते हैं कि इतिहास लिखता कौन है'?
Amit Rai Exclusive Interview: निर्देशक अमित राय इन दिनों फिल्म 'ओह माय डॉग' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बीच उन्होंने अपनी नई फिल्म को लेकर पत्ते खोले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
'रोड टू संगम', 'ओएमजी 2' और अब 'ओह माय डॉग' के बाद निर्देशक अमित राय अब इतिहास पर आधारित एक नई फिल्म की तैयारी में हैं। अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने बताया कि यह फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन के एक हिस्से पर आधारित होगी। बातचीत के दौरान उन्होंने इतिहास लिखने वालों के नजरिए पर भी अपनी राय रखी।
'हम यह भूल जाते हैं कि इतिहास लिखता कौन है'
अमित राय कहते हैं, 'मेरे पास ऐतिहासिक दस्तावेज की कहानी है। हम लोग इतिहास अपना देख ही नहीं रहे हैं, क्योंकि हम यह भूल जाते हैं कि इतिहास लिखता कौन है? देखिए, अगर अंग्रेज जलियांवाला बाग का इतिहास लिखेंगे, तो वे कभी जनरल डायर को उसमें विलेन नहीं बनाएंगे। वे कहेंगे कि वह अपना कर्तव्य निभा रहा था। उसने कहा था कि बाहर मत निकलो, फिर भी लोग निकले तो उसने गोली चला दी।'
'अमृतसर वाले इतिहास लिखेंगे तो कहानी बदल जाएगी'
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए वह कहते हैं, 'लेकिन जिस दिन जलियांवाला बाग का इतिहास अमृतसर वाले लिखेंगे, वे यह नहीं लिखेंगे। वे निहत्थे लोगों पर चलाई गई गोलियों की कहानी लिखेंगे। यही बहुत बड़ी बात है।'
'हम लड़ते रहे, इतिहास कोई और लिखता रहा'
अमित राय का मानना है कि भारत का इतिहास कई बार दूसरे लोगों की नजर से लिखा गया। वह कहते हैं, 'हमारे इतिहास को जिस तरह हर वाक्य में रखा गया... क्योंकि हम लोग तो लड़ रहे थे, इतिहास थोड़े ही लिख रहे थे। हमारे पास इतना समय कहां था कि हम अपना इतिहास लिखते। पहले किसी और से लड़ रहे थे, फिर मुगलों से लड़ रहे थे, फिर अंग्रेज आए। मतलब हम जीवनभर अपने कल्चर को बचाते रहे और उस समय इतिहास कोई और लिख रहा था।'
'नए नजरिए से देखेंगे तो सच्चाई पता चलेगी'
अमित राय कहते हैं, 'अगर इतिहास को नए नजरिए से देखा जाए, तो आपको पता चलेगा कि लोगों ने कितना तोड़-मरोड़कर इतिहास प्रस्तुत किया और हम उस पर विश्वास करते रहे।'
शिवाजी के जीवन के एक हिस्से पर बना रहे हैं फिल्म
अपने अगले प्रोजेक्ट पर अमित राय कहते हैं, 'मेरे पास ऐतिहासिक दस्तावेज की कहानी है। ऐसी कथा है, जो अभी तक जिस तरह पढ़ाई या दिखाई गई है, वैसी नहीं घटी। वह छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन का एक हिस्सा है, एक एपिसोड है। उसी पर कोशिश है बनाने की।' बातचीत के दौरान अमित राय ने स्पष्ट किया कि यह वेब सीरीज नहीं, बल्कि फिल्म होगी।
सिनेमाघरों में पहुंची 'ओह माय डॉग'
अमित राय की फिल्म 'ओह माय डॉग' 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, पवन मल्होत्रा, राजेश कुमार, गीता अग्रवाल शर्मा और माही राय अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।