Exclusive: ‘पेद्दी’ के सेट पर रामचरण के साथ हुआ था हादसा; ट्रेनर ने सुनाया किस्सा, बोले- 'खून बह रहा..'
Fitness Trainer Rakesh Udiyar Exclusive Interview: साउथ सुपरस्टार रामचरण की अगली फिल्म 'पेद्दी' है। इस फिल्म के लिए राकेश उडियार ने एक्टर को फिटनेस ट्रेनर दी है। हाल ही में अमर उजाला से खास बातचीत में राकेश ने 'पेद्दी' में रामचरण के लुक और शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे का जिक्र किया है।
विस्तार
साउथ एक्टर रामचरण की आगामी फिल्म 'पेद्दी' को लेकर फैंस उत्साहित हैं। फिल्म से उनके लुक और बॉडी को लेकर काफी चर्चा है पर कम ही लोग जानते हैं कि रामचरण की फिट बॉडी के पीछे मशहूर फिटनेस ट्रेनर राकेश आर उडियार की मेहनत भी छिपी है।
हाल ही में राकेश ने अमर उजाला से खास बातचीत की। इस बातचीत में उन्होंने फिल्म 'पेद्दी' से रामचरण के लुक और एक्टर की फिटनेस पर बात की। साथ ही फिल्म के दौरान हुए एक हादसे का भी जिक्र किया जिसमें रामचरण बुरी तरह से घायल हो गए थे।
रामचरण ने 'पेद्दी' के लिए सीखी कुश्ती
अभिनेता रामचरण अपनी फिटनेस के लिए फैंस के बीच काफी पॉपुलर हैं पर फिल्म 'पेद्दी' में उन्होंने नई तरीके की ट्रेनिंग ली। ट्रेनर राकेश उडियार ने बताया, 'रामचरण ने इस फिल्म के लिए कुश्ती सीखी। इसके साथ ही उन्होंने सूर्य नमस्कार, दंड बैठक, पुल अप्स और रोप्स की ट्रेनिंग भी ली। यह सारी ट्रेंनिग लेने के साथ ही उन्होंने मल्लखंब की भी प्रैक्टिस की है।'
बड़ा सरप्राइज होगा राम का तीसरा लुक
आगे राकेश ने बताया कि, 'इस फिल्म के लिए राम चरण तीन अलग-अलग फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन से गुजरे। अभी मेकर्स ने उनके तीसरे लुक को पूरी तरह सीक्रेट रखा गया है। फिल्म में आपको राम चरण के तीन ट्रांसफॉर्मेशन देखने को मिलेंगे। तीसरा लुक फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज होगा।'
पूरी तरह शाकाहारी रहे रामचरण
फिल्म की ट्रेनिंग के दौरान रामचरण का डाइट रूटीन कैसा रहा? यह पूछा जाने पर राकेश उडियार ने बताया, 'रामचरण पहले से भी काफी फिट थे, लेकिन इस फिल्म की शूटिंग और तैयारियों के दौरान वो पूरी तरह अयप्पा दीक्षा के तहत माला जाप कर रहे थे। इसके हिसाब से उन्हें शाकाहारी रहना था। फिटनेस के साथ सबसे ज्यादा जरूरी प्रोटीन होता है। मगर शाकाहारी रहने के कारण उन्हें पूरी तरह से प्रोटीन नहीं मिल पा रहा था। इस वजह से 'पेद्दी' के लिए उनको ट्रेनिंग कराना काफी टफ था। इसके बावजूद अखाड़े में जिस तरह ट्रेंनिग होती है, हमने उन्हें वैसी ही ट्रेनिंग दी थी।'
कैलोरी डेफिसिट डाइट पर भी रखा
डाइट प्लान के बारे में बात करते हुए राकेश ने बताया, 'हमने रामचरण के लिए 1,800-2,500 कैलोरी का एक स्ट्रक्चर्ड प्लान फॉलो किया, जिसे कार्ब साइकिलिंग कहा जाता है। कुछ दिन लो कार्ब और कुछ दिन हाई कार्ब। शूटिंग के शुरुआती फेज में राम चरण को एक लीन लुक बनाए रखने की जरूरत थी, क्योंकि उनका किरदार एक गांव के लड़के के रूप में शुरू होता है। इसे हासिल करने के लिए हमने उन्हें लगभग चार से पांच महीनों तक कैलोरी-डेफिसिट डाइट पर रखा।'
'आरआरआर' और 'पेद्दी' की ट्रेनिंग में काफी फर्क है
राकेश ने ही इससे पहले राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' के लिए रामचरण को ट्रेनिंग दी थी। दोनों फिल्मों के किरदार के लिए की गई ट्रेनिंग के बीच का फर्क बताते हुए राकेश ने कहा, 'आरआरआर के वक्त हमें बताया गया था कि इसकी कहानी एक पुलिस ऑफिसर की है जो बॉक्सर भी है। तो एक ऑफिसर की बॉडी और कंधे अलग किस्म के नजर आते हैं। हमने उसी हिसाब से रामचरण की ट्रेनिंग की थी। अब फिल्म 'पेद्दी' में उनका रोल स्पोर्ट्स पर्सन वाला है। 'पेद्दी' में रामचरण के तीन अलग-अलग लुक दिखेंगे। उनकी बॉडी में फिल्म के दौरान लगातार बदलाव नजर आएंगे तो इसके लिए ट्रेनिंग भी अलग रही।'
फिल्म के सेट पर हुआ था हादसा
फिल्म 'पेद्दी' की शूटिंग के दौरान एक हादसा भी हुआ था। इसका जिक्र करते हुए राकेश उडियार ने बताया, 'फिल्म के दौरान कुछ ऐसे मूव्स थे, जो उन्हें कई बार करने पड़े थे। इसकी वजह से उनकी बॉडी में दर्द होने लगा था। मगर इतना दर्द झेलते हुए भी रामचरण ने हार नहीं मानी, अपना काम करते रहे। एक एक्शन सीन था, जहां उनका कंधा और सामने वाले आदमी का कंधा टकराता है। लेकिन उस आदमी का कंधा फिसलता हुआ रामचरण की आंख के पास जाकर लगा, जिससे उनको एक कट लग गया। सबको लगा की यह तो नॉर्मल है लेकिन बाद में देखने पर पता लगा कि आंख के पास काफी खून बह रहा था। शायद उन्हें टांके भी लगे। इन बातों को दरकिनार करके रामचरण सुबह अपने समय पर सेट पर मौजूद थे। यही रामचरण की खासियत है कि उन्हें लगता है कि शूटिंग टलनी नहीं चाहिए।'
