अमांडा पीट ने कैंसर के आगे नहीं मानी हार, हॉलीवुड एक्ट्रेस ने कष्ट से भरे दिनों को किया याद
Amanda Peet Breast Cancer Diagnosis: बॉलीवुड में महिमा चौधरी, मनीषा कोइराला जैसे एक्ट्रेस ने कैंसर से जंग लड़ी है। ऐसी ही एक लड़ाई हॉलीवुड एक्ट्रेस अमांडा पीट भी लड़ रही हैं। हाल ही में इस हॉलीवुड एक्ट्रेस ने अपनी ब्रेस्ट कैंसर ट्रीटमेंट जर्नी का जिक्र किया।
विस्तार
अमांडा पीट ने हाल ही में अपनी ब्रेस्ट कैंसर ट्रीटमेंट को लेकर एक आर्टिकल लिखा है। इसमें वह कैंसर पता चलने के झटके और उसके बाद के सफर के बारे में बात करती हैं। इस दौरान वह काफी दुख और कष्ट से गुजरी हैं।
कैंसर की खबर से हिल गई अमांडा की दुनिया
'समथिंग्स गोटा गिव' और 'योर फ्रेंड्स एंड नेबर्स जैसी हॉलीवुड फिल्मों के लिए मशहूर अमांडा पीट ने द न्यू यॉर्कर अखबार में एक लेख अपनी कैंसर जर्नी के बारे में लिखा है। वह इसमें बतात हैं कि साल में दो बार ब्रेस्ट चेकअप कराती थीं। पिछले साल लेबर डे से पहले एक रूटीन स्कैन उन्होंने कराया, जिसके बाद ब्रेस्ट कैंसर का पता चला। इस खबर ने उनकी दुनिया को हिलाकर रख दिया।
अमांडा उन दिनों को याद करते हुए लिखती हैं कि शुरुआती रिपोर्ट में एक छोटा ट्यूमर पाया गया था। आगे भी टेस्ट किए गए, जिसके बाद कैंसर का पता चला। अपने पति और ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के को-क्रिएटर डेविड बेनियोफ के साथ रिपोर्ट का इंतजार किया। रिपाेर्ट पाॅजिटिव आई। इसके बाद इलाज शुरू हुआ।
इलाज के दौरान होता था बहुत दर्द
अमांडा ने अपने आर्टिकल में आगे लिखा कि जब उनका कैंसर ट्रीटमेंट चल रहा था तो काफी दर्द और कष्ट होता था। उनका कहना है कि यह ट्रीटमेंट ऐसा था जैसे वह किसी जंग में लड़ रही हों। ट्रीटमेंट के बाद उनके ब्रेस्ट पर छाले पड़ गए थे। एक्ट्रेस ने बताया कि उनक कैंसर पहली स्टेज पर था। इस ट्रीटमेंट के दौरान ही अमांडा ने अपने माता-पिता को भी खोया। यह वक्त उनके लिए बहुत ही मुश्किल और भावुक करने वाला रहा।