क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ के लिए लोगों में जबरदस्त क्रेज, फिल्म देखने मेलबर्न पहुंच रहे कई फैंस; जानें वजह
The Odyssey: बाकी फिल्मों की तरह क्रिस्टोफर नोलन की ‘द ओडिसी’ को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जानिए आखिर क्यों फिल्म देखने के लिए मेलबर्न पहुंच रहे सैकड़ों फैंस…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिस्टोफर नोलन की मच अवेटेड फिल्म ‘द ओडिसी’ 18 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज को तैयार है। हालांकि, भारत में यह फिल्म में यह फिल्म एक दिन पहले ही रिलीज हो जाएगी। क्रिस्टोफर नोलन की बाकी फिल्मों की तरह इस फिल्म को लेकर भी दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। यही कारण है कि फिल्म के लिए सैकड़ों फैंस ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के लिए लंबी दूरी की फ्लाइट ले रहे हैं। इसके पीछे वजह है IMAX 1570 फॉर्मेट में 'द ओडिसी' देखना। यह एक ऐसा फॉर्मेट जिसे प्रमोट करने में क्रिस्टोफर नोलन ने कई साल लगाए हैं।
दुनिया में सिर्फ 41 सिनेमा हॉल में देख सकते हैं IMAX 1570 पर फिल्म
कुछ लोग जर्मनी, तुर्की, सिंगापुर और मलेशिया से आ रहे हैं। तो कुछ ऑस्ट्रेलिया के दूसरे हिस्सों या यहां तक कि अमेरिका से भी सफर कर रहे हैं। दरअसल, दुनिया में सिर्फ 41 सिनेमा हॉल ऐसे हैं, जो IMAX 1570 में फिल्म दिखा सकते हैं।
हालांकि, भारत में एक भी नहीं है। इनमें से सिर्फ सात नॉर्थ अमेरिका के बाहर हैं। इन्हीं में से एक है IMAX मेलबर्न, जो साउदर्न हेमिस्फीयर का एकमात्र ऐसा सिनेमा हॉल है, जहां 'द ओडिसी' को 1570 फिल्म प्रिंट में दिखाया जा रहा है। इसी खासियत ने इस थिएटर को फैंस के लिए एक ग्लोबल डेस्टिनेशन बना दिया है।
क्या है IMAX 1570?
नोलन के लिए यह फॉर्मेट कभी भी मार्केटिंग का कोई हथकंडा नहीं रहा है। IMAX 1570 जिसका नाम इसके 70mm फिल्म स्टॉक और प्रति फ्रेम 15 परफोरेशन (छेद) के आधार पर रखा गया है। यह सबसे हाई-रिजॉल्यूशन वाली सिनेमाई तस्वीरें दिखाता है।
यह तकनीक मुश्किल भी है, महंगी भी और अब बहुत कम देखने को मिलती है। 'द ओडिसी' इस कमिटमेंट को पिछली किसी भी फिल्म से कहीं आगे ले जाती है। यह पहली ऐसी फीचर फिल्म है जिसे पूरी तरह से IMAX 1570 कैमरों का इस्तेमाल करके शूट किया गया है।
इसके लिए फिल्म मैगजीन को हर तीन मिनट में बदलना पड़ता है। नोलन ने IMAX इंजीनियरों के साथ मिलकर एक साउंडप्रूफ हाउसिंग भी बनाई, ताकि डायलॉग रिकॉर्ड करते समय कैमरे की मैकेनिकल आवाज हर सीन पर हावी न हो।
मेलबर्न के IMAX में क्या है खासियत?
मेलबर्न का IMAX इस मुहिम का केंद्र बन गया है। इसकी 32 मीटर चौड़ी और 23 मीटर ऊंची स्क्रीन दुनिया की सबसे बड़ी 1.43:1 IMAX स्क्रीन है। 'द ओडिसी' के रिलीज होने से पहले ही सिनेमाघर ने 30,000 से ज्यादा टिकट बेच दिए थे, जिनमें से 17,000 से ज्यादा टिकट तो बिक्री शुरू होने के पहले 24 घंटों में ही बिक गए थे।
‘द ओडिसी’ होमर की 'द ओडिसी' पर आधारित है, जो साहित्य की सबसे महान यात्राओं में से एक है। जहां ओडिसियस घर लौटने के लिए तूफानों, राक्षसों और अशांत समुद्रों से जूझता है।
इस फिल्म में मैट डेमन, रॉबर्ट पैटिनसन, टॉम हॉलैंड, जेंडया, ऐनी हैथवे, चार्लीज थेरॉन और ट्रैविस स्कॉट जैसे सितारे प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। 'द ओडिसी' दुनिया भर में 18 जुलाई को और भारत में एक दिन पहले रिलीज हो रही है।