भारतीय डांसर ने माइकल जैक्सन को दिया ट्रिब्यूट, दिखाया अनोखा फ्यूजन; भतीजे जाफर ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
Jaafar Jackson: एक भारतीय डांसर द्वारा पॉप किंग माइकल जैक्सन को ट्रिब्यूट देते हुए एक वीडियो साझा किया गया। वीडियो पर वायरल हुई जाफर जैक्सन की प्रतिक्रिया…
विस्तार
अभिनेता जाफर जैक्सन इन दिनों अपने अंकल माइकल जैक्सन की बायोपिक को लेकर चर्चाओं में हैं। फिल्म में जाफर ने प्रमुख भूमिका निभाई है। फिल्म को ग्लोबल स्तर पर काफी पसंद भी किया जा रहा है। इस बीच जाफर ने हाल ही में माइकल जैक्सन से प्रेरित एक वायरल इंडियन क्लासिकल डांस फ्यूजन वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। जाफर की इस प्रतिक्रिया ने उनके फैंस को काफी उत्साहित कर दिया।
भरतनाट्यम और स्ट्रीट डांस का दिखा फ्यूजन
वायरल वीडियो डांसर श्वेता वारियर ने माइकल जैक्सन को ट्रिब्यूट देने के लिए बनाया है। वीडियो में भरतनाट्यम और स्ट्रीट डांस का फ्यूजन दिखाया गया है। वीडियो अपलोड होते ही यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस परफॉर्मेंस में भूमिका नाथ, स्नेहा, रिद्धि शाहरकर, अबोली नागरकर, रेनी, काव्या नायर, नेहा साहनी और मानुषी देसाई ने भाग लिया है। वीडियो की शुरुआत एक कैसेट बजने से होती है और फिर माइकल जैक्सन के 1987 के गीत ‘द वे यू मेक मी फील’ पर जबरदस्त डांस शुरू होता है।
उनका डांस हमारा आंदोलन
‘स्ट्रीट ओ'क्लासिकल’ के लिए जानी जाने वाली और इंडियाज बेस्ट डांसर की सेकंड रनरअप रहीं श्वेता वारियर ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा किया। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘उनका म्यूजिक, हमारा आंदोलन। माइकल जैक्सन को एक छोटी सी श्रद्धांजलि। इसे बनाना जितना मजेदार दिख रहा है, उतना ही मजेदार था। सचमुच एक बेहतरीन टीम।’
जाफर ने बजाई ताली
जाफर जैक्सन ने क्लिप पर ताली बजाने और लाल दिल वाले इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। श्वेता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर उनका ये रिएक्शन शेयर करते हुए लिखा, ‘अरे, ये क्या हो गया!!!!’ उन्होंने जाफर की प्रतिक्रिया देखकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए एक छोटा वीडियो भी पोस्ट किया।
जाफर हाल ही में एंटोनी फुक्वा द्वारा निर्देशित फिल्म 'माइकल' में अपने चाचा माइकल जैक्सन की भूमिका निभाते नजर आए थे। यह फिल्म पॉप आइकन माइकल जैक्सन के जैक्सन 5 के साथ शुरुआती दिनों से लेकर बैड टूर तक के सफर को दर्शाती है। फिल्म को क्रिटिक्स और दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया हासिल हो रही है। फिल्म वर्ल्डवाइड अच्छी कमाई भी कर रही है।
