जॉन ग्रोवर निधन: 'जेम्स बॉन्ड' फेम ब्रिटिश फिल्म एडिटर का निधन; 87 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
British Film Editor John Grover Death: मशहूर ब्रिटिश फिल्म एडिटर जॉन ग्रोवर का निधन हो गया है। उन्होंने 'जेम्स बॉन्ड' की फिल्मों समेत कई चर्चित फिल्मों के लिए काम किया।
विस्तार
ब्रिटिश फिल्म एडिटर जॉन ग्रोवर का निधन हो गया है। वे 87 वर्ष के थे। उनके बेटे टिम ग्रोवर ने 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' को बताया कि जॉन ग्रोवर का सोमवार को इंग्लैंड के बकिंघमशायर में बीमारी के चलते निधन हो गया। उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली।
इन चर्चित फिल्मों में किया था काम
जॉन ग्रोवर को हॉलीवुड की कई चर्चित फिल्मों को एडिट करने के लिए जाना जाता था। उन्होंने जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी की छह फिल्मों पर काम किया था। इनमें 'फॉर योर आइज ओनली' (1981), 'द लिविंग डेलाइट्स' (1987) और 'लाइसेंस टू किल' (1989) जैसी फिल्मों में उन्होंने मुख्य एडिटर की भूमिका निभाई। इसके अलावा उन्होंने 'द स्पाई हू लव्ड मी', 'मूनरेकर' और 'ऑक्टोपुसी' जैसी फिल्मों को तैयार करने में भी मदद की थी।
'लैबिरिंथ' थी पसंदीदा फिल्म
अपने शुरुआती करियर में जॉन ग्रोवर ने स्टैनली कुब्रिक की चर्चित फिल्म '2001- ए स्पेस ओडिसी' और डेविड लीन की 'डॉक्टर जिवागो' में अनक्रेडिटेड असिस्टेंट एडिटर के रूप में काम किया था।
ब्रिटिश फिल्म एडिटर्स के लंबे समय तक वाइस चेयरमैन रहे ग्रोवर को अप्रैल में संगठन का 'लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड' मिला। उनके करियर में 'द वाइल्ड गीज' (1978), 'द सी वुल्व्स' (1980), 'द फाइनल ऑप्शन' (1982), टोबे हूपर की 'लाइफफोर्स' (1985), 1984 की NBC मिनीसीरीज 'द फर्स्ट ओलंपिक्स' और जिम हेन्सन की 'लैबिरिंथ' (1986) जैसी फिल्में शामिल थीं। 'लैबिरिंथ' को उन्होंने अपनी पसंदीदा फिल्म बताया था।
बिना क्रेडिट मिले भी किया था काम
अपने करियर की शुरुआत में ग्रोवर ने रॉबर्ट वाइज की 'द हॉन्टिंग' (1963), डेविड लीन की 'डॉक्टर जिवागो' (1965), जॉन फ्रैंकनहाइमर की 'ग्रैंड प्रिक्स' (1966), कुब्रिक की '2001- ए स्पेस ओडिसी' (1968) और हर्बर्ट रॉस की 'गुडबाय, मिस्टर चिप्स' (1969) में बिना क्रेडिट वाले असिस्टेंट एडिटर के तौर पर काम किया।
स्टैनली कुब्रिक को बताया था 'सनकी'
2016 में एडिटिंग से जुड़े एक कॉन्फ्रेंस में ग्रोवर ने निर्देशक स्टैनली कुब्रिक के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की थी। ग्रोवर ने डायरेक्टर को 'परफेक्शनिस्ट' बताया। ग्रोवर ने कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी के छह महीने उस 'बेवकूफ' के साथ बिताए। हालांकि, वे एक अच्छे फिल्ममेकर माने जाते थे, लेकिन वह सनकी थे'।