‘कुछ देशों के गैंगस्टर भी लगे हुए हैं’, कपिल शर्मा का बिश्नोई गैंग पर कटाक्ष; बाद में कैमरा देख कही ये बात
Kapil Sharma On Bishnoi Gang: कपिल शर्मा अक्सर अपने मजाकिया अंदाज और कमेंट को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। अब कपिल ने अपने कैफे पर फायरिंग करने वाले बिश्नोई गैंग पर कमेंट किया है। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा…
विस्तार
कॉमेडी किंग कहे जाने वाले कपिल शर्मा ने इन दिनों अपने शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को लेकर चर्चाओं में हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स ने जब 2026 के अपने आगामी प्रोजेक्ट्स की घोषणा की तो उसमें ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का अगला सीजन भी शामिल है। इस इवेंट में कपिल शर्मा समेत शो की पूरी टीम मौजूद रही। इसी दौरान कपिल शर्मा ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर इशारों-इशारों में कटाक्ष किया। जिसने कपिल शर्मा के कनाडा स्थित ‘कैप्स कैफे’ पर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। कपिल का ये कटाक्ष अब वायरल है। जानिए कपिल ने ऐसा क्या कहा?
कपिल ने किया कटाक्ष
नेटफ्लिक्स के 'व्हाट नेक्स्ट' कार्यक्रम में कपिल शर्मा नेटफ्लिक्स इंडिया की कंटेंट उपाध्यक्ष मोनिका शेरगिल के साथ थे। प्लेटफॉर्म के साथ उनके लंबे जुड़ाव की प्रशंसा करते हुए मोनिका ने कहा कि ओटीटी प्लेटफॉर्म लंबे समय से कपिल के साथ सहयोग करना चाह रहा था। उन्होंने मजाक में कहा, ‘हमारी नजर, इंडिया की नजर तो बहुत टाइम से आप पर है कपिल। उम्मीद है कि 11 मुल्कों की पुलिस की नजर आप पर नहीं होनी चाहिए।’ इस पर दर्शकों के हंसने पर कपिल ने जवाब देते हुए कहा, ‘आज कल एक दो मुल्कों के गैंगस्टर्स की भी नजर लगी हुई है।’ कपिल का इशारा लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग की ओर था। हालांकि, कपिल ने हंसते हुए वहां मौजूद वीडियोग्राफरों से इसे बंद करने के लिए कहा।
View this post on Instagram
चार महीनों में तीन बार हुई कपिल के कैफे पर गोलीबारी
कपिल और उनकी पत्नी गिन्नी चतरथ ने 2025 में कनाडा के सरे में 'कैप्स कैफे' नाम से एक कैफे खोला। जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में चार महीनों के भीतर तीन बार रेस्ट्रोरेंट पर गोलियां चलाई गईं। बिश्नोई के सहयोगियों विशेष रूप से गोल्डी ढिल्लों और कुलदीप सिद्धू उर्फ कुलवीर सिद्धू ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी ली और आम जनता को वहां से दूर रहने की चेतावनी दी। नवंबर में दिल्ली पुलिस ने अगस्त में हुई गोलीबारी के एक कथित प्रमुख साजिशकर्ता बंधु मान सिंह सेखों को ढिल्लों के गिरोह से गिरफ्तार किया।
यह खबर भी पढ़ेंः ‘अस्सी’ का ट्रेलर रिलीज, एक बार फिर मजबूत कहानी लेकर आए अनुभव सिन्हा; दमदार अंदाज में दिखीं तापसी पन्नू
‘किस किसको प्यार करूं 2’ में नजर आए थे कपिल
कपिल शर्मा पिछले दिनों अपनी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ में भी नजर आए थे। हालांकि, ‘धुरंधर’ के शोर में फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। फिलहाल कॉमेडियन इन दिनों अपने शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ में व्यस्त हैं।
