कॉफी विद करण 9: करण जौहर ने की नौंवे सीजन की घोषणा, भावुक होकर बोले- ‘यह आखिरी बार’; जानें कब शुरू होगा शो
Karan Johar On koffee With Karan 9: करण जौहर का टॉक शो ‘कॉफी विद करण 9’ जल्द रिलीज होने जा रहा है। इस शो का प्रोमो मेकर्स ने सोशल मीडिया पर रिलीज किया। खास बात यह है कि इस प्रोमो वीडियो में करण ने शो से अपने भावनात्मक जुड़ाव पर बात की। जानें क्या बोले करण?
विस्तार
फिल्मेकर करण जौहर अपने टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ को होस्ट करने के लिए जाने जाते हैं। फैंस को भी लंबे वक्त से ‘कॉफी विद करण’ के अगले सीजन का बेसब्री से इंतजार था। अब बुधवार को मेकर्स ने इसके नौंवे सीजन की घोषणा, एक प्रोमो के जरिए कर दी है। मगर यह सिर्फ प्रोमो नहीं बल्कि करण की तरफ से एक भावुक संदेश भी है।
वीडियो में क्या बोले करण?
करण जौहर ने ‘कॉफी विद करण 9’ का एलान करने के साथ-साथ अपने 22 साल पुराने सफर पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘मैंने 2004 में काॅफी विद करण शुरू किया था। मुझे याद है कि जब मैंने अपने पिता से इस चैट शो का आइडिया शेयर किया। उन्होंने कहा कि तुम तो वैसे भी रोज चार दोस्तों से मिलकर बात करते हो, तो तुम्हें एक टॉक शो शुरू करने की क्या जरूरत है? इसके कुछ ही दिनों बाद मैंने अपने पिता को खो दिया। इसके बाद मैंने यह शो शुरू किया।’
इस वीडियो में आगे करण ने कहा, '8 सीजन, 161 एपिसोड में काफी कुछ बदला। इस शो में लवर्स आए, जो बाद में जाकर एक्स लवर्स हो गए। कुछ ऐसे थे जो जुड़े रहे, परिवारों के साथ दोस्त भी शामिल हुए। शो में हुई अनगिनत बातचीत सुर्खियां, मीम्स, बहस और कभी न भूलने वाली यादें बन गईं। कुछ सफर ऐसे होते हैं जिन्हें खत्म करने की आप कोई योजना नहीं बनाते, बस, आपके मन में कहीं गहराई में यह बात होती है कि उन्हें कब छोड़ना है। 'कॉफी विद करण' मेरी जिंदगी का एक बहुत ही खास हिस्सा रहा है। इसने मुझे दोस्त, यादें, पूरी तरह से मस्ती भरे पल, ढेर सारा प्यार और हां, कुछ विवाद भी दिए हैं। मगर अब यह इस शो का आखिरी सीजन है।'
करण जौहर ने इस प्रोमो वीडियो में फैंस के सामने एक बड़ा खुलासा किया उन्होंने कहा, 'इन सबके बीच जो चीज हमेशा बनी रही, वह है दर्शक। वे हमारे साथ हंसे, हमसे बहस की, हमें ट्रोल किया, हमें सराहा और सबसे जरूरी बात, वे बार-बार एक और कप के लिए वापस आते रहे। अलविदा कहना भावुक कर देने वाला है, लेकिन यह सही भी लगता है। यह आखिरी सीजन उन सभी लोगों के प्रति आभार और प्यार के साथ एक आखिरी बार मग उठाने का मेरा तरीका है, जिन्होंने 'कॉफी विद करण' को वह बनाया है जो यह आज है। तो, आइए मेरे साथ कॉफी का एक आखिरी कप पीजिए। एक आखिरी बार।'
When Karan has a message for us, consider us seated on the kouch 😉
— JioHotstar Reality (@HotstarReality) September 30, 2026
Hotstar Specials: Koffee with Karan Season 9, streaming 14th October onwards on JioHotstar.#KWKS9OnJioHotstar #KaranJohar @AdarPoonawalla @apoorvamehta18 @aneeshabaig #NishantNayak @Dharmatic_ pic.twitter.com/dRLMzQsCcR
कॉफी विद करण सीजन 9 जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाला है। यह शो 14 अक्टूबर 2026 से इस चैट शो को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर शुरू होने जा रहा है। चर्चा है कि इस सीजन में शो के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और उनकी बहन शाहीन भट्ट साथ नजर आ सकते है।