कुणाल गांजावाला ने सिर्फ 20 मिनट में रिकॉर्ड कर दिया था सलमान खान का ये गाना; सिंगर ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
Salman Khan Song Dil Keh Raha Hai: सलमान खान अभिनीत फिल्म 'क्यों की' का गाना 'दिल कह रहा है' महज 20 मिनट में रिकॉर्ड कर दिया गया था। सिंगर कुणाल गांजावाला के पास इसके लिरिक्स एसएमएस पर आए थे। हाल ही में उन्होंने यह खुलासा किया है।
विस्तार
सिंगर कुणाल गांजावाला ने सलमान खान और करीना कपूर की फिल्म 'क्यों की' के चर्चित गाने 'दिल कह रहा है' से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा किया है। कुणाल के मुताबिक, कंपोजर हिमेश रेशमिया और उन्होंने मिलकर यह पूरा गाना सिर्फ 20 मिनट में रिकॉर्ड कर लिया था। ऐसा कैसे हुआ? इसे लेकर सिंगर ने मजेदार किस्सा साझा किया है।
एसएमएस से मिले गाने के लिरिक्स
मशहूर सिंगर कुणाल गांजावाला ने हाल ही में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, 'इस गाने के पीछे की कहानी बहुत दिलचस्प है। तो, जब मैंने गाना गाया, तो मुझे एसएमएस से लिरिक्स मिले। हम स्टूडियो में थे और मुझे हिमेश भाई (हिमेश रेशमिया) का फोन आया। उनके पापा उस समय सब कुछ देख रहे थे, क्योंकि हिमेश खुद दूसरी सिटिंग में बिजी थे'।
हिमेश रेशमिया ने अपने पिता से कही ये बात
कुणाल गांजावाला ने आगे कहा कि हिमेश ने उन्हें कॉल पर बताया था कि 'हमें 'हम दम सुनियो रे' जैसी ही रोमांटिक और यूथफुल वाइब चाहिए, क्योंकि यह गाना सलमान भाई के लिए है'। गाना रिकॉर्ड होने के बाद हिमेश स्टूडियो आए और अपने पिता से कहा, 'डैड, मुझे यह नहीं चाहिए। शायद आपने गलत समझा कि मैं क्या चाहता था'। फिर उन्होंने सिर्फ 15-20 मिनट में गाना पूरा कर लिया। कुणाल ने बताया, 'हिमेश को साफ पता था कि वह क्या चाहते हैं'।
फिल्म 'क्यों की' का बॉक्स ऑफिस
फिल्म 'क्यों की' का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया था। इस फिल्म को सुनील मनचंदा और मुकेश तलरेजा ने ओरियन पिक्चर्स और MAD एंटरटेनमेंट लिमिटेड के बैनर तले बनाया। यह फिल्म प्रियदर्शन की ही 1986 की मलयालम फिल्म 'थलवट्टम' का रीमेक है, जो 1975 की फिल्म 'वन फ्लेव ओवर द कुकूज नेस्ट' से प्रेरित थी। फिल्म में सलमान खान और करीना कपूर लीड रोल में नजर आए। इनके अलावा जैकी श्रॉफ, सुनील शेट्टी, रिमी सेन और ओम पुरी ने भी अहम भूमिकाएं अदा कीं। कलेक्शन की बात करें तो इसने 12.62 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी।