मौसमी चटर्जी के पति का निधन: नहीं रहे जयंत मुखर्जी, छूटा 54 साल का साथ; सात साल पहले हुआ था बेटी का निधन
- प्रोड्यूसर जयंत मुखर्जी बीते काफी वक्त से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे।
- उनके निधन की जानकारी FWICE प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने साझा की।
- जयंत, प्रसिद्ध गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे।
विस्तार
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री मौसमी चैटर्जी के पति जयंत मुखर्जी का निधन हो गया। वह फिल्म निर्माता थे। जयंत ने 12 नवंबर 2026 को अपने खार स्थित घर पर अंतिम सांस ली।
बीएन तिवारी ने दी जानकारी
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने पीटीआई को जानकारी देते हुए बताया कि जयंत का कल शाम खार स्थित आवास पर निधन हो गया। वह बीते काफी वक्त से उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
यूं तो जयंत, प्रसिद्ध गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे पर बॉलीवुड में उन्होंने फिल्म निर्माता के तौर पर अपनी पहचान बनाई थी। उन्होंने ‘मजाक’ (1975), ‘दो लड़के दोनों कड़के’ (1979) और टेलीविजन श्रृंखला ‘तलाश’ (1992) का निर्माण किया था।
इतना ही नहीं उन्होंने अपने पिता की तरह फिल्म 'बीवी और मकान' का संगीत निर्माण भी किया था। इस फिल्म को मशहूर फिल्ममेकर ऋषिकेश मुखर्जी ने बनाया था।
अभिनेत्री मौसमी और जयंत की शादी को 5 दशक से भी ज्यादा का समय हो चुका है। कपल की शादी बेहद कम उम्र में हो गई थी। एक इंटरव्यू के दौरान इस पर मौसमी ने कहा था, 'हर चीज किसी न किसी वजह से होती है। मैं 10वीं कक्षा में थी, लेकिन फिल्म बालिका बधू के बाद मेरी सगाई हो गई, सिर्फ इसलिए क्योंकि मेरे ससुर हेमंत मुखर्जी उस फिल्म के संगीत निर्देशक थे। उनकी और मेरी फैमिली एक हो गए और उस समय, हर कोई मुझे अपनी बहू बनाना चाहता था, हर कोई मुझे अपनी पत्नी बनाना चाहता था।'