पंकज त्रिपाठी: 'जिंदगी को खूबसूरत बनाने के लिए बहुत प्यार साथी'; जन्मदिन पर पत्नी मृदुला ने दी एक्टर को बधाई
Pankaj Tripathi Birthday: अभिनेता पंकज त्रिपाठी आज 28 सितंबर को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास दिन पर उनकी पत्नी मृदुला ने लव नोट शेयर किया है।
विस्तार
बॉलीवुड के चर्चित एक्टर पंकज त्रिपाठी का आज जन्मदिन है। इस मौके पर उनकी पत्नी मृदुला त्रिपाठी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए एक्टर पर प्यार लुटाया है। उन्हें जीवन को खूबसूरत और सुकूनदेह बनाने के लिए शुक्रिया कहा है। साथ ही कुछ थ्रोबैक अनदेखी तस्वीरें भी साझा की हैं।
मृदुला बोलीं- 'बहुत सारा प्यार साथी'
मृदुला त्रिपाठी ने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट साझा किया है। उन्होंने अपनी और पंकज त्रिपाठी की खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं। इसके साथ कैप्शन लिखा है, 'जन्मदिन मुबारक हो दोस्त । तुम्हारे साथ हर पल , हर लम्हा बेशकीमती है। तुम्हारा होना मेरे होने की पूर्णता है। जिंदगी को खूबसूरत और सुकुनदेह बनाने के लिए बहुत सारा प्यार साथी'।
संघर्ष से भरा रहा बिहार से मुंबई तक का सफर
5 सितंबर 1976 को जन्मे पंकज त्रिपाठी बिहार के गोपालगंज से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता किसान और हिंदू पुजारी थे। पंकज को बचपन से अभिनय में दिलचस्पी थी। वे गांव के स्थानीय नाटक में लड़की का किरदार निभाते थे। हाई स्कूल तक की पढ़ाई गांव में करने के बाद पंकज त्रिपाठी पटना चले गए। वहां उन्होंने इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट हाजीपुर में पढ़ाई की। फिर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला लेने के लिए दिल्ली चले गए। यहां से उन्होंने 2004 में ग्रेजुएशन पूरा किया।
'गैंग्स ऑफ वासेपुर' से चली करियर की गाड़ी
2004 में वे मुंबई आ गए। पंकज त्रिपाठी के मुताबिक साल 2004 से 2010 के बीच उन्होंने काम तो किया मगर पैसा नहीं कमाया। पंकज त्रिपाठी के मुताबिक उस दौर में उनकी पत्नी मृदुला उनके घर का पूरा खर्च उठाती थीं। वह स्कूल में पढ़ाती थीं। वही परिवार को संभालती थीं। अभिनेता का कहना है कि अगर उनकी पत्नी ना होतीं तो उनका कामयाबी हासिल करना मुमकिन नहीं हो पाता। लंबा संघर्ष करने और छोटी-छोटी भूमिकाओं के बाद पंकज त्रिपाठी ने साल 2012 में 'गैंग्स ऑफ वासेपुर' में सुल्तान के रूप में अपनी पहली प्रमुख भूमिका निभाई। इस फिल्म से उन्हें पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
पंकज त्रिपाठी का वर्क फ्रंट
पंकज त्रिपाठी का नाम इंडस्ट्री के प्रतिभाशाली सितारों में आता है। ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उन्हें बड़ी पहचान दी। अब फिल्मों में भी उन्होंने बड़ी कामयाबी हासिल की है। वेब सीरीज 'मिर्जापुर' में उनका किरदार कालीन भैया प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय है। वर्क फ्रंट की बात करें तो 'मिर्जापुर' सीरीज पर आधारित फिल्म 'मिर्जापुर' इन दिनों सिनेमाघरों में लगी है और इसने भी बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है। यह 200 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है।