परदे पर खुलेगी इतिहास में दर्ज सवालों की परत; संजय दत्त की फिल्म 'आखिरी सवाल' का दूसरा टीजर रिलीज
Aakhri Sawal Teaser: फिल्म 'धुरंधर 2' के बाद संजय दत्त अपनी आगामी फिल्म 'आखिरी सवाल' को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का आज मंगलवार को टीजर रिलीज हुआ है।
विस्तार
संजय दत्त अभिनीत फिल्म 'आखिरी सवाल' का पहला टीजर 02 अप्रैल को रिलीज हुआ था। इसने फिल्म के प्रति उत्सुकता जगाई। आज फिल्म का दूसरा टीजर सामने आया है। इसमें इतिहास की कुछ ऐसी घटनाओं का जिक्र देखने को मिलेगा, जिन पर ज्यादा बात नहीं होती है। मेकर्स का दावा है कि फिल्म के जरिए वे सवाल भी सामने आएंगे, जिन्हें अभी तक कोई नहीं पूछता है। जानिए कैसा है टीजर?
क्या था वह आखिरी सवाल?
फिल्म के टीजर की शुरुआत में लिखा आता है, 'सवाल, जिसे पूछने की हिम्मत अब तक किसी ने नहीं की'। आगे लिखा है, 'क्या हुआ था साल 1934 में महात्मा गांधी के साथ आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की मीटिंग में'? इसके बाद के दृश्य में महात्मा गांधी कहते हैं, 'यह जातिवाद एक दिन भारत को बांटकर रख देगा'।
A post shared by Nikhil Nanda Motion Pictures (@nikhilnanda_motionpictures)
कब रिलीज होगी फिल्म?
टीजर में आगे डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार कहते हैं, 'अगर संघ में दलित और ब्राह्मण एक साथ रह सकते हैं, खा-पी सकते हैं, काम कर सकते हैं...तो संपूर्ण भारतवर्ष में क्यों नहीं कर सकते?' आगे लिखा है, 'सच्चाई 08 मई को सिनेमाघरों में जानिए'। इस फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग ने संभाली है। निखिल आनंद और संजय दत्त ने इसे प्रोड्यूस किया है।
ये सितारे भी अहम भूमिका में
'आखिरी सवाल' नमाशी चक्रवर्ती ने विक्की नाम के युवा विद्वान की भूमिका अदा की है। उनके गुर प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी का रोल संजय दत्त ने अदा किया है। विक्का का अपने गुरु के साथ अकादमिक विवाद टेलीविजन पर प्रसारित होने वाले एक टकराव में बदल जाता है। यह कहानी ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र करते हुए पीढ़ीगत मतभेद और सच की खोज जैसे मुद्दों पर बात करती है। कहानी के केंद्र में गुरु-शिष्य का संघर्ष है, जो एक बड़ी बहस में बदल जाता है। इस फिल्म में आरएसएस पर बैन, बाबरी विध्वंस जैसी कई ऐतिहासिक घटनाओं का जिक्र देखने को मिलेगा। इसमें समीरा रेड्डी, अमित साध, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
