करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश ने गुपचुप करली शादी? वायरल खबरों पर अब खुद तेजा ने दी प्रतिक्रिया, कही ये बात
Tejasswi Prakash: करण कुंद्रा के साथ गुपचुप शादी करने की खबरों पर अब तेजस्वी प्रकाश ने खुद प्रतिक्रिया दी है। जानिए एक्ट्रेस ने बताई क्या सच्चाई…
विस्तार
टीवी की दुनिया के पसंदीदा कपल तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा की शादी का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दोनों लंबे वक्त से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। फैंस को इंतजार है कि दोनों इस साल शादी के बंधन में बंध जाएंगे। इस बीच हाल ही में ऐसी अफवाहें भी उड़ी थीं कि इस जोड़े ने गुपचुप तरीके से शादी कर ली है। अब तेजस्वी प्रकाश ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए पूरी सच्चाई से वाकिफ कराया है।
करण कुंद्रा से काफी कुछ सीखने को मिलता है
बॉम्बे टाइम्स के साथ हालिया बातचीत में तेजस्वी प्रकाश ने करण कुंद्रा के साथ अपनी शादी की योजनाओं के बारे में बात की। एक्ट्रेस ने शादी को लेकर स्पष्ट तौर पर कहा कि ऐसा अभी जल्द ही होने वाला नहीं है। यह कपल 'लाफ्टर शेफ' सीजन 3 में साथ काम कर रहा है। एक-दूसरे के साथ काम करने के बारे में बात करते हुए तेजस्वी ने कहा कि पेशेवर तौर पर एक-दूसरे के साथ काम करते हुए आप कई नई चीजें सीखते हैं। आप एक-दूसरे के काम करने के तरीके को समझने लगते हैं। खासकर मेरे मामले में करण से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिलता है, क्योंकि वह मेरे सीनियर हैं। मेरे लिए यह एक सीखने का अनुभव रहा है।
करण ने शादी पर किया था ये रिएक्ट
करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश की शादी को लेकर फैंस लंबे वक्त से कयास लगा रहे हैं। इससे पहले जब तेजस्वी के साथ उनकी गुपचुप शादी की अफवाहें ऑनलाइन फैलीं, तो करण कुंद्रा ने भी इस पर रिएक्ट किया था। उन्होंने मजाकिया अंदाज में एक्स पर लिखा था, ‘शादी की तो चलो हर दो चार साल बाद करवा ही देते हैं।’
करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश रियलिटी शो ‘बिग बॉस 15’ में साथ नजर आए थे। इसी दौरान दोनों की दोस्ती बढ़ी और धीरे-धीरे वो प्यार में तब्दील हो गई। शो के बाद भी दोनों साथ हैं और अक्सर एक-दूसरे के परिवारों के साथ त्योहार मनाते और सोशल मीडिया पर अपने प्यारे पल साझा करते नजर आते हैं। अब प्रशंसक बेसब्री से उनकी शादी का इंतजार कर रहे हैं।
