‘ये समाज की सोच है’, शक्ति मोहन ने बताया क्यों नहीं की शादी? रिश्ते में मिले धोखे ने बदल दी सोच
Shakti Mohan: डांसर-कोरियोग्राफर शक्ति मोहन ने अपने व्यक्तिगत जीवन को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने अपने पार्टनर को धोखा देते पकड़ा? फिर कैसे शादी को लेकर बदल गई उनकी सोच…
विस्तार
दिसंबर 2009 में आए रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस 2’ से लोकप्रियता हासिल करने वाली शक्ति मोहन अब किसी परिचय की मोहताज नहीं हैं। वो कई रियलिटी शोज में नजर आ चुकी हैं। साथ ही इंडस्ट्री की एक जानी-मानी कोरियोग्राफर भी बन गई हैं। हाल ही में शक्ति ने अपने निजी जीवन के विभिन्न पहलुओं पर बात की। उन्होंने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने शादी न करने का फैसला किया। वहीं उन्होंने अपने उस रिलेशनशिप के बारे में भी बताया, जिसके धोखे ने उन्हें गहरा सदमा दिया।
अगर कोई अच्छा साथी मिला तो शादी का सोचूंगी
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में शक्ति मोहन ने अपनी शादी को लेकर कहा कि बहुत से लोग मुझसे शादी के बारे में पूछते हैं। मेरे पिता ने कल ही मुझसे पूछा था कि क्या मुझे कोई मिल गया है। मेरी मां चाहती हैं कि मैं किसी के साथ रहूं। वह कहती हैं कि कम से कम एक बॉयफ्रेंड तो बना लो। लेकिन मुझे अपने काम और स्टूडियो चलाने में बहुत मजा आ रहा है। मुझे ऐसा नहीं लगता कि कुछ कमी है।
यह समाज की सोच है कि जीवन में किसी का होना जरूरी है। अगर मैं इस तरह खुश हूं तो समस्या क्या है? अगर मुझे कोई अच्छा साथी मिल जाए तो मैं मना नहीं करूंगी, लेकिन जब कोई है ही नहीं, तो मुझे उस दिशा में क्यों सोचना चाहिए? बच्चों को लेकर शक्ति ने कहा कि मुझमें मातृत्व की भावना नहीं है। मैं बड़ी बुआ हूं और अपने भतीजे के लिए सबसे खास हूं, लेकिन फिर भी मुझमें मातृत्व की भावना नहीं है। मैं खुद के लिए बच्चे नहीं चाहती।
मुझे जीवन में नहीं चाहिए लड़का
शक्ति ने अपने पिछले रिश्ते के बारे में भी बात की और बताया कि दो बार दिल टूटने के बावजूद जब उन्हें धोखा मिला तो उन्हें सबसे ज्यादा तकलीफ हुई। कोरियोग्राफर ने कहा कि मुझे एक रिश्ते में धोखा मिला। मैंने तुरंत रिश्ता तोड़ दिया। लेकिन मेरी मां ने कहा कि वह अच्छा लड़का है, हमारा तीन साल का रिश्ता था और मुझे इसे भूल जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़के ऐसे ही होते हैं। इसे स्वीकार कर लो। लेकिन मैंने उनसे कहा कि मैं इसे अपने जीवन में स्वीकार नहीं करूंगी। अगर लड़के ऐसे ही होते हैं, तो मुझे अपने जीवन में कोई लड़का नहीं चाहिए।
मेरी मां ने मुझे महीनों तक रोते देखा। मुझे धोखे की बात समझ ही नहीं थी। अगर कोई आपको धोखा देता है, तो आप उसे कभी नहीं भूल सकते और फिर आप हर किसी पर शक करने लगते हैं। शक्ति ने अपने पार्टनर को धोखा देते हुए रंगे हाथों पकड़ा और जब उन्होंने इस बारे में उससे पूछा, तो उसने अपने दूसरे रिश्तों को मानने से इनकार कर दिया। मुझे और भी बातें पता चलीं, लेकिन वह इनकार करता रहा। उस आदमी ने मुझसे माफी मांगी और रोज घर आता था, लेकिन मुझ पर फिर कोई असर नहीं पड़ा।