अल्लू अर्जुन को स्टेज पर देख दीवाने हुए जापानी फैंस, ‘पुष्पा’ फेम एक्टर ने शेयर की दिल को छू लेने वाली पोस्ट
Allu Arjun Movie Pushpa 2 Release In Japan: साल 2024 में रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की फिल्म ‘पुष्पा 2’ जापानी भाषा में रिलीज हो रही है। इस फिल्म के प्रमोशन के लिए एक्टर जापानी फैंस के बीच टोक्यो पहुंचे। जापानी फैंस से मिले प्यार और अपनेपन के बाद उन्होंने एक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की है।
विस्तार
अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ साल 2024 की सबसे बड़ी और हिट फिल्म थी। आज यह फिल्म जापानी भाषा में ‘पुष्पा कुनरिन’ नाम से रिलीज हो रही है। हाल ही में फिल्म के प्रीमियर पर अल्लू अर्जुन जापान के टोक्यो शहर पहुंचे। जापानी फैंस के बीच उनकी गजब की दीवानगी देखने को मिली। सोशल मीडिया पर जापानी फैंस के रिएक्शन खूब वायरल हैं। गुरुवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अल्लू अर्जुन ने जापानी फैंस का शुक्रिया अदा किया। साथ ही एक खास मैसेज भी फैंस के नाम लिखा।
अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
अल्लू अर्जुन ने ‘पुष्पा 2’ के अपने इंस्टाग्राम पेज के स्टोरी सेक्शन में जापानी प्रीमियर की तस्वीरें शेयर की हैं। इसमें वह फैंस का शुक्रिया कर रहे हैं। साथ में रश्मिका मंदाना भी स्टेज पर हैं। आगे एक मैसेज अपने जापानी फैंस के नाम वह लिखते हैं। अल्लू अर्जुन ने लिखा, ‘इतना प्यार देने के लिए शुक्रिया। उम्मीद है कि थिएटर में आपको यह फिल्म पसंद आएगी, आप इसे देखकर खुश होंगे।’
अल्लू अर्जुन के नाम फैंस ने लिखे प्यारे मैसेज
अल्लू अर्जुन जब फिल्म के प्रीमियर पर अपने फैंस से मिले तो उन्होंने जापानी भाषा में ‘पुष्पा 2’ का डायलाॅग बोला। यह डायलॉग सुनकर फैंस बहुत खुश हुए। जापानी फैंस ने अल्लू अर्जुन के नाम एक बोर्ड पर खूब सारे प्यारे भरे मैसेज भी लिखे थे। इसका वीडियो भी अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इतना प्यार देखकर अल्लू अर्जुन और मेकर्स को उम्मीद है कि ‘पुष्पा 2’ जापानी भाषा में रिलीज होने के बाद अच्छी कमाई करेगी।
अल्लू अर्जुन के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स क्या हैं?
पिछले दिनों मकर संक्रांति के मौके पर अल्लू अर्जुन की नई फिल्म की घोषणा की गई। अपनी 23वीं फिल्म के लिए अल्लू अर्जुन निर्देशक लोकेश कनगराज के साथ आ रहे हैं। हालांकि अभी फिल्म का नाम सामने नहीं आया है। अभी फिल्म को 'एए 23' के नाम से पहचाना जाएगा।