क्या ‘मार्शल-द डिटेक्टिव’ की होगी वापसी? मुकेश खन्ना की पोस्ट ने बढ़ाई उत्सुकता; नॉस्टैल्जिया में खोए फैंस
Serial Marshall The Detective Comeback: इन दिनों टीवी पर पुराने सीरियल नए सीजन के साथ वापस आ रहे हैं। ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ इसका उदाहरण है। मुकेश खन्ना ने रविवार को अपने एक पुराने सीरियल ‘मार्शल- द डिटेक्टिव’ का पोस्टर शेयर किया। क्या जल्द ही इस शो की वापसी होगी? जानिए।
विस्तार
अभिनेता मुकेश खन्ना ने सिर्फ ‘शक्तिमान’ जैसा यादगार सीरियल ही नहीं दिया था, उनका एक और सीरियल ‘मार्शल- द डिटेक्टिव’ भी काफी पसंद किया गया था। यह 90 के दशक के चर्चित डिटेक्टिव सीरियल में शामिल रहा है। रविवार को इस सीरियल का एक पोस्टर शेयर किया, जिसमें वह डिटेक्टिव लुक में दिख रहे हैं। इस पोस्टर को देखकर फैंस नॉस्टैल्जिया में खो गए। साथ ही एक्टर से एक बड़ी डिमांड भी करने लगे।
मुकेश खन्ना ने पोस्टर के साथ लिखा खास मैसेज
मुकेश खन्ना ने सीरियल ‘मार्शल- द डिटेक्टिव’ के पोस्टर के साथ एक कैप्शन लिखा है, ‘सब भाग रहे हैं ,इसलिए मुझे भी भागना है, ये सरासर गलत सोच है। सब भाग रहे हैं इसलिए मुझे रुक कर सोचना है। यह लोग गलत भाग रहे हैं या सही ? ये सही सोच है। वीर वो है, जो धारा के विरुद्ध चले। धारा के साथ तो हर कोई चलता है।’ आगे वह लिखते हैं, ‘शुभ प्रभात।’
इस कैप्शन से यह अंदाज जरूर लगता है कि मुकेश खन्ना ‘मार्शल- द डिटेक्टिव’ को लेकर कोई प्लानिंग जरूर कर रहे हैं।
फैंस ने एक्टर से की खास डिमांड
जब फैंस ने मुकेश खन्ना की ‘मार्शल- द डिटेक्टिव’ वाली पोस्ट दिखी तो जमकर रिएक्शन दिए। कई फैंस ने इस शो के नए सीजन को टीवी पर लाने की डिमांड मुकेश खन्ना से की। वहीं कुछ लोग 90 के दशक के सीरियल के नॉस्टैल्जिया में खो गए। फैंस ने मुकेश खन्ना के कैप्शन में लिखे मैसेज को भी सही ठहरा। वहीं कुछ यूजर्स ने मुकेश खन्ना की पोस्ट पर फायर और हार्ट इमोजी भी शेयर किए हैं।
मुकेश खन्ना के करियर फ्रंट की बात करें तो साल 2025 में वह एक गुजराती फिल्म 'विश्वगुरू' में नजर आए थे। साथ ही सोशल मीडिया पर भी वह अक्सर चर्चा में रहते हैं। 'शक्तिमान' पर फिल्म बनाने की भी प्लानिंग मुकेश खन्ना ने कर ली है।
