‘द 50’ शो के बाद प्रिंस नरूला ने खुद को क्यों बताया विराट कोहली? रजत दलाल को भी सुनाई खरी-खोटी
Prince Narula Talk About The 50 Show: कई रियलिटी शो जीतने वाले एक्टर प्रिंस नरूला इस बार ‘द 50’ शो को नहीं जीत पाए। क्या इस बात का उनको अफसोस है? साथ ही क्यों वह प्रतियोगी रजत दलाल को लेकर प्रिंस नरूला ने कई बातें साझा की हैं।
विस्तार
प्रिंस नरूला कई टीवी सीरियल कर चुके हैं, साथ ही कई रियलिटी शो भी वह अब तक जीत चुके हैं। हाल ही में खत्म हुए रियलिटी शो ‘द 50’ में जीत का ताज उनके सिर पर नहीं सजा है। इस शो को शिव ठाकरे ने जीता है। हालिया एक इंटरव्यू में प्रिंस नरूला ने खुद की तुलना विराट कोहली से कर दी। साथ ही ‘द 50’ के प्रतियोगी और इंफ्लुएंसर रजत दलाल को भी खरी-खोटी सुनाई है।
खुद को प्रिंस ने क्यों कहा विराट कोहली?
प्रिंस नरुला ने रियलिटी शो ‘द 50’ के बाद मीडिया इंटरव्यू में कहा, ‘आईपीएल में विराट कोहली के सामने एक नया लड़का खेलेगा तो भी उनकी पोजिशन अलग ही रहेगी। ऐसे ही कुछ प्रतियोगियों ने ‘द 50’ में आने के लिए हाथ जोड़े होंगे कि हमें बुला लो। लेकिन मुझे शो वालों से खुद बुलाया है। यही फर्क है। मेरा क्लास उनसे अलग ही रहेगा।’
प्रिंस ने रजत दलाल पर कसा तंज
रियलिटी शो ‘द 50’ में रजत दलाल भी शामिल थे। शो के बाद वह प्रिंस पर कमेंट कर रहे हैं। ऐसे में प्रिंस ने भी जवाब दिया है। वह कहते हैं, ‘आप बच्चों को मारकर जिंदगी में आगे आए हो। आपको इस शो की कद्र नहीं है। मैंने पहले ही कहा था कि मैं फिनाले नहीं खेलूंगा, मेरा मकसद अपनी टीम को फिनाले तक पहुंचाना था।’
इन शो को प्रिंस ने जीता था
प्रिंस ने रियलिटी टीवी शो एमटीवी रोडीज 12, एमटीवी स्प्लिट्सविला 8, बिग बॉस 9 और नच बलिए 9 जैसे रियलिटी शो जीते हैं। वह 'बढ़ो बहू' और 'नागिन 3' जैसे सीरियल्स में भी दिखाई दिए थे।