'भाबी जी घर पर हैं 2.0' में कॉमेडी के साथ होगा हॉरर का तड़का, अंगूरी भाभी बनकर खूब हंसाएगी शिल्पा शिंदे
Bhabiji Ghar Par Hain 2.0: 'भाबी जी घर पर हैं 2.0' का नया प्रोमो आज रिलीज हुआ है। फैंस प्रोमो देखकर बहुत एक्साइटेड हैं। यह शो पुरानी यादें ताजा करेगा और नया मजा भी देगा। तैयार हो जाइए हंसने और थोड़ा डरने के लिए।
विस्तार
'भाबी जी घर पर हैं 2.0' का प्रीमियर 22 दिसंबर 2025 से होगा। यह शो सोमवार से शुक्रवार रात 10:30 बजे &TV चैनल पर आएगा। साथ ही, इसे हिंदी ZEE5 या JioCinema पर भी देखा जा सकेगा।
शिल्पा शिंदे ने 2015 में शो शुरू होने पर अंगूरी भाभी का किरदार निभाया था। उनकी कॉमिक टाइमिंग और डायलॉग जैसे 'सही पकड़े हैं' से वे घर-घर में फेमस हो गईं। लेकिन 2016 में मेकर्स से कुछ विवाद के कारण उन्होंने शो छोड़ दिया था। इसके बाद शुभांगी अत्रे ने करीब 10 साल तक अंगूरी भाभी का यह रोल किया। अब शिल्पा की वापसी से फैंस बहुत खुश हैं।
यह शो दो पड़ोसी जोड़ों- मिश्रा और तिवारी की कॉमेडी पर आधारित है। दोनों पति एक-दूसरे की बीवी को इंप्रेस करने की कोशिश करते हैं, लेकिन हमेशा फेल हो जाते हैं। इस सीरियल में आसिफ शेख ने विभूति नारायण मिश्रा, रोहिताश गौड़ ने मनमोहन तिवारी, विदिशा श्रीवास्तव ने अनीता भाभी (पहले सौम्या टंडन और नेहा पेंडसे ने निभाया था) और शिल्पा शिंदे अब अंगूरी भाभी के किरदार में नजर आएंगी।
इस बार कहानी कानपुर से बदलकर रहस्यमयी शहर घूंघटगंज में सेट है। प्रोमो में एक घूंघट वाली महिला की मूर्ति दिखाई गई है, जो हॉरर का इशारा देती है। यह 'स्त्री' फिल्म जैसा ट्विस्ट लगता है। सीरियल के इस प्रोमो में कॉमेडी के साथ हल्का डर और सुपरनेचुरल एलिमेंट साफ दिखाया गया है। प्रोमो में शिल्पा शिंदे घूंघट उठाती हैं और अपना फेमस डायलॉग बोलती हैं - 'सही पकड़े हैं'।
यह भी पढ़ें: Avatar 3 Box Office Collection: क्या 'धुरंधर' को टक्कर दे पाएगी 'अवतार: फायर एंड ऐश', जानें पहले दिन की कमाई..