मन की बात में पीएम नरेंद्र मोदी ने क्यों किया युवराज दुआ का जिक्र? कंटेंट क्रिएटर की खुशी का नहीं रहा ठिकाना
Yuvraj Dua Viral Video Mention In Mann Ki Baat: युवराज दुआ एक चर्चित कंटेंट क्रिएटर हैं। रविवार को उनका जिक्र पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में किया। क्या थी इसके पीछे की वजह? जानिए।
विस्तार
रविवार को मन की बात कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी ने कंटेंट क्रिएटर युवराज दुआ की वायरल रील का जिक्र किया। इसके जरिए आम लोगों को एक जरूरी संदेश दिया। यह जानकर युवराज दुआ की खुशी का ठिकाना नहीं रहा है। कंटेंट क्रिएटर ने पीएम मोदी द्वारा साझा की गई बात को अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर भी साझा किया है।
युवराज दुआ की वायरल रील का जिक्र पीएम मोदी ने किया
पिछले दिनों कंटेंट क्रिएटर युवराज दुआ ने इंस्टाग्राम पर हल्का-फुल्का अंदाज में एक वीडियो शेयर किया था। इसमें वह प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हैं कि अगर वे कहेंगे तो युवराज के पिता चीनी खाना छोड़ देंगे, इससे उनकी डायबिटीज की बीमारी कंट्रोल में रहेगी। इस वीडियो को बाद में नरेंद्र मोदी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर री-शेयर किया गया था। रविवार को भी पीएम मोदी ने युवराज दुआ की वीडियो का जिक्र ‘मन की बात’ कार्यक्रम में किया।
'मन की बात' कार्यक्रम के 132वें एपिसोड में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, कई लोगों ने कंटेंट क्रिएटर युवराज दुआ की पोस्ट पर मेरे रिप्लाई को लेकर कमेंट्स किए हैं। उन्होंने मुझसे अनुरोध किया था कि मैं उनके पिता से कहूं कि वे अपना शुगर इनटेक कम करें।’
आम लोगों को भी दिया जरूरी संदेश
पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘मुझे खुशी है कि मेरे अनुरोध का युवराज दुआ के पिता पर सकारात्मक असर पड़ा है। मैं आप सभी से भी अनुरोध करता हूं कि आप अपना शुगर इनटेक कम करें।’
बताते चलें कि मन की बात एक रेडियो प्रोग्राम है, इसके जरिए प्रधानमंत्री देश भर के लोगों से जुड़ते हैं। अक्सर सामाजिक मुद्दों पर बात करते हैं और हेल्थ, अवेयरनेस और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े संदेश भी साझा करते हैं।
कंटेंट क्रिएटर युवराज दुआ की बात करें तो वह सोशल मीडिया पर फनी और फैमिली से जुड़े वीडियो बनाते हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 1 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। वह टीवी सीरीज ‘प्लेग्राउंड सीजन 3’ में भी नजर आ चुके हैं।